गुजरात में अब तक 5 मामलों की पुष्टि, विदेश से लौटे हैं तीन महिलाओं समेत सभी संक्रमित

Friday, Mar 20, 2020 - 03:58 PM (IST)

गांधीनगर: गुजरात में अब तक कोरोनो वायरस (कोविड 19) संक्रमण के कुल पांच मामलों की पुष्टि हो चुकी है ओर ये सभी विदेश से लौटे लोग हैं जिनमें तीन महिलायें हैं। पहली बार कल दो मामलों की पुष्टि हुई थी और आज तीन और मामले मिले हैं। राज्य की स्वास्थ्य सचिव सह आयुक्त जयंती रवि ने आज बताया कि अहमदाबाद में दो, वडोदरा, राजकोट तथा सूरत में एक-एक मामलों की अब तक पुष्टि हुई है। पाचों मामलों में संक्रमित विदेश से लौटे हैं। वडोदरा में स्पेन से मुंबई के रास्ते लौटे 49 साल के एक व्यक्ति, अहमदाबाद के दो मामलों में फिनलैंड से दिल्ली होकर आयी 34 वर्षीय महिला तथा अमेरिका से मुंबई होकर 21 साल की युवती शामिल हैं। इन तीनों की पुष्टि आज हुई हैं। 


इससे पहले सउदी अरब में मक्का की यात्रा कर राजकोट लौटे एक व्यक्ति तथा इंगलैंड से सूरत आयी एक युवती में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि कल हुई थी।        इन सभी लोगों के संपर्क में आये कई लोगों को चिन्हित कर उन्हें अलग यानी क्वारंटाइन में रख निगरानी की जा रही हैं तथा अन्य का पता चलने पर उनके साथ भी ऐसा ही किया जाएगा। सउदी अरब से मक्का मदीना की धार्मिक यात्रा कर राजकोट लौटे 32 साल के एक स्थानीय व्यक्ति की जांच रिपोर्ट में कोरोना वायरस की पुष्टि कल हुई थी। उसके संपर्क में आये 15 लोगों को भी क्वारंटाइन यानी अलग कर निगरानी में रखा गया है। दूसरी ओर इंगलैंड में अध्ययनरत और हाल में मुंबई के रास्ते स्वदेश लौटी सूरत की एक 21 वर्षीय युवती में भी कोरोना वायरस की पुष्टि कल हुई थी। उसके संपर्क में आये आठ अन्य लोगों भी क्वारंटाइन में रख कर निगरानी की जा रही है।

Anil dev

Advertising