गुजरात कांग्रेस को बड़ा झटका, परेश धनाणी ने नेता विपक्ष पद से इस्तीफा

punjabkesari.in Tuesday, May 28, 2019 - 09:35 PM (IST)

नेशनल डेस्कः लोकसभा चुनाव 2019 में करारी हार के बाद गुजरात कांग्रेस एक बार फिर टूट के कगार पर है। परेश धनाणी ने नेता विपक्ष पद से इस्तीफा सौंप दिया, वहीं अल्पेश ठाकोर के साथ 8 विधायक भाजपा के पाले में जाने को तैयार हैं। भाजपा राज्यसभा चुनाव की रणनीति के तहत कांग्रेस में बड़ी सेंध लगा सकती है।

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए चार विधायक उपचुनाव में भाजपा के टिकट पर जीत के बाद दुबारा विधानसभा के सदस्य बन गए। विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र त्रिवेदी ने उन्हें अपने चेंबर में शपथ दिलाई। उधर, कांग्रेस से इस्तीफा दे चुके विधायक अल्पेश ठाकोर के साथ उनके समर्थक आठ और विधायक कांग्रेस से तौबा करने को तैयार हैं।

अल्पेश ठाकोर ने किया दावा
अल्पेश व विधायक डॉ आशा पटेल का दावा है कि कांग्रेस में एक बड़ा धड़ा प्रदेश के पार्टी आलाकमान से नाराज है। अल्पेश का यह भी कहना है कि कमजोर नेतृत्व के कारण प्रदेश में कांग्रेस लगातार टूट रही है। करीब 15 विधायक कांग्रेस को छोड़ने को तैयार हैं। बकौल अल्पेश लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पर हमला नहीं करने की सलाह दी थी।

भाजपा विधायकों ने ली शपथ
इससे पहले विधानसभा उपचुनाव में विजेता बने भाजपा के 4 विधायकों ने गांधीनगर विधानसभा में शपथ ली। भाजपा विधायकों की संख्या अब बढ़कर 104 हो गई है। शपथ के बाद डॉ आशा पटेल ने कहा कांग्रेस में प्रबंधन अनुशासन नहीं जिससे 34 विधायक नाराज थे। विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र त्रिवेदी ने अपनें चेंबर में इन चारों विधायकों को शपथ दिलाई।

लोकसभा चुनाव से पहले ये विधायक कांग्रेस छोड़कर भाजपा के साथ आ गए थे। इनमें से माणावदर सीट से उपचुनाव जीतने वाले जवाहर चावड़ा कैबिनेट मंत्री बना दिए गए थे। शपथ ग्रहण के बाद खुद अध्यक्ष ने उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट कर मुंह मीठा कराया। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जीतूभाई वाघाणी, मंत्री मंडलके सदस्य भूपेंद्र सिंह चूडास्मा, प्रदीप सिंह जाडेजा भी यहां मौजूद थे। डॉ आशा पटेल ऊंझा से, राघवजी पटेल जामनगर ग्रामीण से तथा पुरुषोत्तंम साबरिया ध्रांगध्रा से विधायक चुने गए हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News