गुजरात निकाय चुनाव result: मतगणना में भाजपा का दबदबा, AAP ने भी खोला खाता

punjabkesari.in Tuesday, Feb 23, 2021 - 01:40 PM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात की कुल आठ में छह महानगरपालिकाओं अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, वडोदरा, जामनगर और भावनगर के 21 फरवरी को हुए चुनाव की मतगणना के दौरान एक बार फिर सत्तारूढ़ भाजपा का दबदबा दिख रहा है। रुझानों और अब तक आए परिणामों के अनुसार भाजपा सभी छह मनपा में आगे चल रही है और उसके फिर से आसानी से सत्ता में आने की पूरी संभावना है। इससे पहले भी इन सभी पर भाजपा का ही कब्जा था। दो अन्य मनपा गांधीनगर और जूनागढ़ में चुनाव नहीं हुए हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी इन चुनावों में अपनी जीत का खाता खोल लिया है।

PunjabKesari

AAP की सूरत के एक वार्ड में जीत हुई है और एक दर्जन से अधिक पर आगे है। अहमदाबाद में भी कुछ स्थानो पर यह आगे है। मायावती की बहुजन समाज पार्टी ने जामनगर में अब तक कम से कम पांच सीटों पर जीत हासिल की है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादउल मुसलमिन (AIMIM) भी कम से कम तीन मुस्लिम बहुल सीटों पर आगे है। राज्य की सबसे बड़ी मनपा अहमदाबाद में कुल 48 वार्ड और प्रत्येक में चार सीटों समेत कुल 198 सीटें हैं। अब तक भाजपा इनमे से 78 पर या तो आगे है या जीत चुकी है। मुख्य प्रतिद्वंदी कांग्रेस 22 पर या तो आगे है या जीत चुकी है। सूरत में 30 वार्ड और 120 सीटें हैं। राजकोट में 18 वार्ड और 72 सीटें, वडोदरा में 19 वार्ड और 76 सीटें हैं।

PunjabKesari

जामनगर में 16 वार्ड और 64 सीटें हैं जबकि भावनगर में 13 वार्ड और 52 सीटें हैं। इन पांचों में भी भाजपा ने ख़ासी बढ़त बना रखी है। ज्ञातव्य है कि 21 फरवरी को हुए चुनाव में कुल लगभग 1.14 करोड़ में से 45.64 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सपरिवार अहमदाबाद के नारणपुरा में वोटिंग की थी। कुल मिलकर 2276 उम्मीदवार मैदान में थे जिनमे से 577 भाजपा के, 566 मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस, 91 राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, 470 आम आदमी पार्टी, 353 अन्य दलों के तथा 228 निर्दलीय हैं। राज्य की सबसे बड़ी महानगरपालिका अहमदाबाद महानगरपालिका की एक सीट पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। राज्य की कई नगरपालिकाओं, जिला पंचायतों और तालुक़ा पंचायतों में 28 फरवरी को मतदान होगा और उसकी मतगणना दो मार्च को होगी।

PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News