PM मोदी के राज्य में फिर लहराया भगवा, निकाय चुनावों में BJP की बंपर जीत, 44 में से 41 सीटों पर कब्जा

Tuesday, Oct 05, 2021 - 03:09 PM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात में भाजपा ने गांधीनगर महानगरपालिका और दो नगरपालिकाओं में हुए चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारी जीत हासिल की है। राज्य चुनाव आयोग के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार भाजपा ने गांधीनगर मनपा के तीन अक्तूबर के चुनाव की आज हुई मतगणना के दौरान कुल 11 वार्ड की 44 में से 41 सीटों पर जीत हासिल की है। भाजपा की तरह ही सभी 44 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली मुख्य विपक्षी कांग्रेस को मात्र दो सीटें और 40 सीटों पर प्रत्याशी खड़े करने वाली आम आदमी पार्टी यानि AAP को मात्र एक सीट पर जीत मिली है।

 

14 सीटों पर उम्मीदवार उतारने वाली बहुजन समाज पार्टी और दो पर प्रत्याशी खड़े करने वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का खाता नहीं खुल सका है। कुल पौने तीन लाख वोटरों में से चुनाव के दौरान 56.24 प्रतिशत ने मतदान किया था। बता दें कि AAP ने इसी साल हुए सूरत मनपा के चुनाव में 27 सीटें जीत कर भाजपा के खेमे में खलबली मचा दी थी हालांकि वहां भाजपा ही सत्ता में आई थी। भाजपा ने देवभूमि द्वारका जिले की भानवण और बनासकांठा जिले की थरा नगरपालिकाओं में भी जीत हासिल की है। अब राज्य की सभी आठ महानगरपालिकाओं पर भाजपा का कब्जा हो गया है जो पिछले ढाई दशक से भी अधिक समय से गुजरात की सत्ता पर काबिज है।

 

पार्टी की इस जीत को अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मनोबल बढ़ाने वाली एक बड़ी सांकेतिक जीत माना जा रहा है। मतगणना में बढ़त के साथ ही यहां के निकट कोबा स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय श्रीकमलम में ज़बरदस्त जश्न शुरू हो गया। ढोल नगाड़े के साथ ही पटाखों की आवाज के बीच पार्टी कार्यकर्त्ता झूम झूम कर एक दूसरे को बधाई दे रहे थे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और लोकसभा सांसद सी आर पाटिल ने इस जीत को प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा में लोगों के भरोसे का परिणाम बताया।

Seema Sharma

Advertising