ब्लू व्हेल गेम के ''चक्रव्यूह'' में फंसी पुलिस!

Monday, Sep 11, 2017 - 05:52 PM (IST)

अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद शहर के एक पॉश इलाके में कल शाम 12 साल के एक बच्चे के अपने घर में आत्महत्या के रहस्यमय मामले के ब्लू व्हेल चैलेंज इंटरनेट गेम से नहीं जुडा होने का दावा दोहराने के बावजूद पुलिस ने आज कहा कि वह अब तक इसके कारण का पता नहीं लगा सकी है। शहर के पॉश वस्त्रापुर इलाके के इंद्रप्रस्थ बंगलो सोसायटी में रियल इस्टेट के धंधे से जुडे कुंजल शाह के 12 वर्षीय बेटे अरिहंत, जो कक्षा छह का विद्यार्थी था, ने अपने घर में ही फांसी लगा कर जान दे दी। उसके हाथ पर मछलीनुमा एक स्केच होने से उसके ब्लू व्हेल गेम खेलने और इसके चलते जान देने की आशंका व्यक्त की गई थी पर पुलिस ने इससे साफ तौर पर इंकार किया लेकिन वह यह नहीं बता पा रही कि आखिर इतने छोटे बच्चे ने क्यों यह कदम उठाया। 

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हाल में राज्य सरकार ने इस खेल पर आधिकारिक प्रतिबंध लगाया है और युवाओं तथा बच्चों की आत्महत्या की हर घटना को संदेह की नजर से देखा जा रहा है। शहर के वस्त्रापुर थाने के प्रभारी अधिकारी एम एम जाडेजा ने बताया कि अरिहंत ने कपडे सुखाने के लिए लगाई गई लोहे की एंगल से प्लास्टिक की डोरी लटका कर आत्महत्या कर ली। उस समय उसके माता पिता बाहर गए थे और दूसरा भाई ट््यूशन पढने गया था। उसके दादा दादी घर के निचले माले पर थे। जाडेजा ने कहा कि इस घटना का ब्लू व्हेल गेम से कोई संबंध नहीं है। इस गेम से जुडे लोग ब्लेड और अन्य नुकीली वस्तु से अपने हाथ पर मछली का चित्र बनाते हैं जबकि अरिहंत के हाथ पर ऐसा कोई निशान नही था। स्केच से बना कोई चित्र था। दूसरा ब्लू व्हेल गेम में आत्महत्या करने वाले अक्सर किसी ऊंची जगह से छलांग लगा कर जान देते हैं। 

साथ ही उसके माता पिता का दावा है कि वह मोबाइल फोन अथवा कम्प्यूटर पर गेम नहीं खेलता था। पर पुलिस भी इसके कारण का अब तक पता नहीं लगा पायी है।  ज्ञातव्य है कि कुछ ही दिन पहले कच्छ जिले के मुंद्रा शहर में 10 वीं की एक छात्रा को ब्लू व्हेल गेम खेलते हुए पकड़ा गया था और उसे मनोचिकित्सकों को दिखाया गया था। उसके हाथ पर भी मछली का निशान था। गत 31 अगस्त को बनासकांठा के 30 वर्षीय एक युवक ने यहां साबरमती नदी में कूद कर जान दे दी थी। उसने फेसबुक पर एक वीडियो में ब्लू व्हेल गेम खेलने की बात कही थी हालांकि पुलिस ने दावा किया था कि वह ब्लड कैंसर से पीडित था और इस वजह से उसने जान दी थी।  

इस बीच, खेडा जिले के नदियाड में नर्सिंग की तीसरे वर्ष की एक छात्रा ने भी स्थानी कुबेर टॉवर नाम की इमारत की नौंवी मंजिल से कूद कर जान दे दी है। पुलिस इस मामले की भी छानबीन कर रही है। 

Advertising