गुजरात बिटक्वाइन मामला: फरार पूर्व भाजपा विधायक महाराष्ट्र से गिरफ्तार

Sunday, Sep 09, 2018 - 06:36 PM (IST)

अहमदाबादः गुजरात के पूर्व भाजपा विधायक नलिन कोटडिया को बिटक्वाइन की हफ्ता वसूली मामले में महाराष्ट्र के जलगांव जिले के अमलनेर से रविवार को गिरफ्तार किया गया। एक अदालत से उन्हें भगोड़ा करार दिये जाने के तीन महीने के बाद यह गिरफ्तारी की गयी है।

पुलिस ने बताया कि यह कुछ पुलिस अधिकारियों द्वारा सूरत के एक बिल्डर से नौ करोड़ रूपये मूल्य का बिटक्वाइन की कथित हफ्ता वसूली से जुड़ा मामला है। बिटक्वाइन एक डिजिटल करेंसी है। अपराध शाखा (अहमदाबाद) के डीसीपी दीपन भद्रन ने कहा, ‘‘बिटक्वाइन फिरौती मामले में वांछित नलिन कोटडिया को रविवार को (महाराष्ट्र में) धुले के नजदीक अमलनेर से गिरफ्तार किया गया।’’ गुजरात की स्थानीय अदालत ने इस साल मई में कोटडिया के खिलाफ एक गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

सीआईडी (अपराध) ने अदालत को बताया था कि भाजपा नेता गिरफ्तारी से बच रहे हैं। इसके बाद अदालत ने 18 जून को पूर्व विधायक को भगोड़ा करार दिया था। मामले में अब तक अमरेली जिला के पूर्व पुलिस अधीक्षक जगदीश पटेल सहित एक दर्जन से अधिक अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है।      

 

Yaspal

Advertising