गुजरात विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने जारी की 77 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट

Monday, Nov 20, 2017 - 12:09 AM (IST)

नई दिल्ली: गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने 77 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है।पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शक्ति सिंह गोहिल को मांडवी तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन भाई मोढ़वाडिया को पोरबंदर विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है।

मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के खिलाफ इंद्रनील राज्यगुरु को राजकोट पश्चिम सीट से और पाटीदार आरक्षण आंदोलन समिति के नेता हार्दिक पटेल के करीबी सहयोगी ललित वसोया को धोराजी सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री तुषार चौधरी महुआ विधानसभा सीट से मैदान में हैं।

पार्टी ने इस चुनाव में 12 से अधिक पाटीदार उम्मीदवारों को टिकट दिया है। राज्य विधानसभा की 182 सीटों में 89 सीटों के लिए पहले चरण में नौ दिसंबर को मतदान होना है।

पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की प्रमुख कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी है तथा पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह तथा पार्टी के कुछ शीर्ष महासचिव इसके सचिव हैं।

Advertising