गुजरातः नाराज अल्पेश ने छोड़ी कांग्रेस, थाम सकते हैं बीजपी का दामन
Wednesday, Apr 10, 2019 - 08:54 PM (IST)
नेशनल डेस्कः चुनावी गहमागहमी के बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव तथा बिहार के सह प्रभारी और गुजरात के राधनपुर से पार्टी विधायक अल्पेश ठाकोर ने आज पार्टी से त्यागपत्र दे दिया। ठाकोर राज्य में उनकी जाति के संगठन ठाकोर सेना के भी प्रमुख रहे हैं। समझा जाता है कि वह पाटन लोकसभा सीट से टिकट चाहते थे पर पार्टी ने वहां से जगदीश ठाकोर को टिकट दे दिया। इससे वह खासे नाराज थे। कांग्रेस ने कई अन्य विधायकों को गुजरात में अलग अलग सीटों से टिकट दिये हैं।
Gujarat: MLA Alpesh Thakor of Thakor Kshatriya Sena resigns from Congress party. (File pic) pic.twitter.com/QbayoH1B0z
— ANI (@ANI) April 10, 2019
ठाकोर के पार्टी छोड़ने की अटकलें पिछले काफी समय से चल ही थी और कुछ ही दिनों पहले उन्होंने स्वयं इसका खुलासा किया था कि वह भाजपा में जाने वाले थे पर उन्होंने अपना आंदोलन जारी रखने के लिए ऐसा नहीं किया। आज ही उनके संगठन ठाकोर सेना की कोर कमेटी की बैठक में कांग्रेस से समर्थन वापस लेने की बात कही गयी थी। इसी समुदाय के दो और कांग्रेसी विधायकों और उनके करीबी धवल झाला और भरतजी ठाकोर भी समझा जाता है कि जल्द ही ऐसा कोई कदम उठा सकते हैं।
ठाकोर ने गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित चावडा को भेजे अपने त्यागपत्र में लिखा है कि वह अपने समाज और गरीबों के उत्थान के लिए राजनीति में जुड़े थे। कांग्रेस की ओर से उनके संगठन की अवहेलना से उनके समुदाय में खासी नाराजगी है। वह कांग्रेस से इसके खराब समय में जुड़े थे। अब उनकी ठाकोर सेना का आदेश है कि वह पार्टी के सभी पदों से त्यागपत्र दें। दु.ख और विश्वासघात के एहसास के साथ वह पार्टी से त्यागपत्र दे रहे हैं। उन्होंने अपने इस्तीफे के अंत में लिखा है कि कांग्रेस में किसी एक चीज की कमी रहीं तो वह थी सम्मान की और जो एक चीज मिली वह थी विश्वासघात की।
इस्तीफे के बावजूद फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि ठाकोर का अगला कदम क्या होगा। उनके भाजपा में शामिल होने की भी अटकले हैं। राज्य में इससे पहले कांग्रेस के पांच विधायक इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो चुके हैं। अभी ज्ञातव्य है कि कांग्रेस ने पूर्व में राजस्थान में लोकसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची में श्री ठाकोर का नाम रखा था पर उसे बाद में वापस ले लिया गया था।