गुजरात: अंग्रेज़ों के समय का 'हैंगिंग ब्रिज' टूटा, मोरबी हादसे में अब तक 141 लोगों की मौत, रेस्क्यू में जुटी सेना-NDRF

Monday, Oct 31, 2022 - 11:15 AM (IST)

नेशनल डेस्क: गुजरात के मोरबी शहर में रविवार की शाम माच्छू नदी पर बने केबल पुल के टूटने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 140 के पार हो गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह पुल करीब एक सदी पुराना था और मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्य के बाद इसे आमजन के लिए पांच दिन पहले ही खोला गया था। पुल रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे टूट गया। अधिकारी ने कहा, ‘‘अभी तक 141 लोगों की मौत होने की जानकारी मिली है।''

गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने मोरबी में मीडिया से कहा कि राज्य सरकार ने इस हादसे की जांच के लिए एक समिति का गठन किया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि अंग्रेज़ों के समय का यह ‘‘हैंगिंग ब्रिज'' जिस समय टूटा, उस समय उस पर कई महिलाएं और बच्चे मौजूद थे। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कुछ लोगों को पुल पर कूदते और उसके बड़े तारों को खींचते हुए देखा गया। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि पुल उस पर ‘‘लोगों की भारी भीड़'' के कारण टूट कर गिर गया हो।

दीपावली की छुट्टी और रविवार होने के कारण प्रमुख पर्यटक आकर्षण पुल पर पर्यटकों की काफी भीड़ थी। एक निजी संचालक ने लगभग छह महीने तक पुल की मरम्मत का काम किया था। पुल को 26 अक्टूबर को गुजराती नववर्ष दिवस पर जनता के लिए फिर से खोला गया था। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल रविवार रात दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने सिविल अस्पताल में घायलों से मुलाकात भी की। राज्य सरकार ने इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजन को चार-चार लाख रुपए और घायलों को पचास-पचास हजार रुपए का मुआवजा दिए जाने की घोषणा की है।

Seema Sharma

Advertising