वाराणसी में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़! त्रिदेव मंदिर के सामने गेस्ट हाउस से 3 युवतियां और 1 ग्राहक गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Jan 31, 2026 - 08:51 PM (IST)
नेशनल डेस्क: वाराणसी में अवैध देह व्यापार के मामलों ने एक बार फिर प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। ‘शिव नगरी’ कहे जाने वाले इस धार्मिक शहर में कुछ ही दिनों के भीतर तीसरी बार पुलिस ने सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। ताजा मामला त्रिदेव मंदिर के ठीक सामने स्थित विजय लक्ष्मी गेस्ट हाउस का है, जहां छापेमारी के दौरान तीन युवतियों और एक पुरुष ग्राहक को गिरफ्तार किया गया है।
सीपी संवाद हेल्पलाइन की सूचना पर हुई छापेमारी
पुलिस को सीपी संवाद हेल्पलाइन के माध्यम से गेस्ट हाउस में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही एसीपी मुख्यालय अपूर्व पांडेय के नेतृत्व में एसओजी-2 टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गेस्ट हाउस में दबिश दी।
कमरे में आपत्तिजनक हालत में मिले युवक-युवतियां
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम गेस्ट हाउस के एक कमरे तक पहुंची, जहां तीन युवतियां और एक पुरुष ग्राहक आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। मौके से कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई, जिससे देह व्यापार की गतिविधियों की पुष्टि हुई।
चारों आरोपी गिरफ्तार, गेस्ट हाउस संचालक रडार पर
पुलिस ने मौके से चारों लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही गेस्ट हाउस संचालक की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह गतिविधि कब से चल रही थी, इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं और ग्राहक कैसे संपर्क करते थे।
कुछ ही दिनों में तीसरी बड़ी कार्रवाई से हड़कंप
यह वाराणसी में हाल के दिनों में देह व्यापार से जुड़ी तीसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले कुंज बिहार कॉलोनी जैसे पॉश इलाके में भी पुलिस ने एक फ्लैट से सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया था। उस मामले में चार युवतियों और एक ग्राहक को पकड़ा गया था। जांच में सामने आया था कि कोलकाता का एक दंपति ट्रेनिंग सेंटर की आड़ में अवैध धंधा चला रहा था। वहां से भी कई आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद हुई थीं।
शहर की छवि पर असर, लोगों ने उठाई सख्ती की मांग
लगातार सामने आ रहे इन मामलों से वाराणसी की सामाजिक और धार्मिक छवि पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गेस्ट हाउस और किराये के मकानों पर निगरानी बढ़ाई जानी चाहिए। पुलिस ने भी आम जनता से सहयोग की अपील की है।
संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत दें सूचना
वाराणसी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी इलाके में संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत सीपी संवाद हेल्पलाइन या आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
