गूंज रही थीं शादी की शहनाइयां, मंडप पर खड़े थे दूल्हा-दुल्हन, फिर अचानक...
punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 12:20 PM (IST)
Bride Rejects Groom : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से महिला सशक्तिकरण और आत्मसम्मान की एक अनोखी मिसाल सामने आई है। यहां के कोसमंदा गांव में एक जांबाज दुल्हन ने फेरों के वक्त शादी करने से सिर्फ इसलिए साफ मना कर दिया क्योंकि दूल्हा शराब के नशे में धुत होकर मंडप पहुंचा था। बेटी के इस कड़े और साहसिक फैसले का परिवार ने भी पूरा समर्थन किया जिसके बाद बारात को बिना दुल्हन के ही बैरंग लौटना पड़ा। इस हिन्मतभरे कदम के लिए खुद जिले के पुलिस कप्तान (SP) ने दुल्हन को दफ्तर बुलाकर सम्मानित किया है।
बता दें कि यह पूरी घटना को समंदा गांव की है जहां शादी की शहनाइयां गूंज रही थीं और सभी मेहमान बेहद खुश थे। शादी की रस्में शुरू ही हुई थीं कि अचानक दूल्हे की पोल खुल गई। दूल्हा शराब के नशे में इस कदर चूर था कि वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था और लड़खड़ा रहा था। दूल्हे की यह हालत देख दुल्हन का सब्र टूट गया।
यह भी पढ़ें: भारत का वो अनोखा 'Silent Village', जहां पैदा होते ही गूंगे-बहरे हो जाते हैं लोग, वजह कर देगी हैरान
उसने रस्मों के बीच ही शादी रोकने का फैसला किया। दुल्हन ने दोटूक शब्दों में कहा, शादी एक बड़ी जिम्मेदारी और सम्मान का रिश्ता है। जो इंसान अपने जीवन के इतने खास मौके पर नशे में धुत होकर आ सकता है मैं उसके साथ अपना पूरा भविष्य दांव पर नहीं लगा सकती।
आमतौर पर ऐसे मौकों पर बदनामी के डर से परिवार वाले सामाजिक दबाव में आ जाते हैं लेकिन यहां कहानी बिल्कुल अलग थी। बेटी के स्वाभिमान को देख माता-पिता और पूरे परिवार ने रिश्तेदारों की परवाह किए बिना शादी तुरंत रुकवा दी। शादी टूटने के बाद मौके पर थोड़ा तनाव बढ़ गया था लेकिन सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर स्थिति को पूरी तरह संभाल लिया। इसके बाद बिना किसी हंगामे और विवाद के बारात वापस लौट गई।
