Govinda Secrets: मां के निधन से बुरी तरह टूट गए थे गोविंदा, दर्द में उठाने जा रहे थे खौफनाक कदम, यूं बची जान

punjabkesari.in Monday, Aug 10, 2026 - 10:05 AM (IST)

मुंबई : बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता Govinda अक्सर अपनी फिल्मों और पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में गोविंदा ने अपनी जिंदगी से जुड़ा एक बेहद भावुक और दर्दनाक किस्सा साझा किया है जिसने उनके प्रशंसकों को हैरान कर दिया है। एक्टर ने बताया कि अपनी मां Nirmala Devi के निधन के बाद वे इस कदर टूट गए थे कि उन्होंने नर्मदा नदी में अपनी जान देने तक की कोशिश की थी।

गोविंदा ने अपनी लाइफ का यह गहरा राज बयां करते हुए कहा, अपनी मां के जाने के बाद मैं गहरे तनाव और दर्द में था। मुझे लगने लगा था कि मेरी जिंदगी में सब कुछ खत्म हो चुका है। समझ नहीं आ रहा था कि इस गम से बाहर कैसे आऊं।

गोविंदा ने आगे बताया, उस वक्त मैं नर्मदा नदी के किनारे था। मेरे दिमाग में ख्याल आया कि अगर मैं नदी में थोड़ा और आगे चला जाऊं, तो अपनी मां से मिल सकूंगा। इसी सोच के साथ मैं नदी के गहरे पानी में उतरने लगा था। एक तरह से मेरे मन में आत्महत्या का विचार आ चुका था क्योंकि मैं अपनी मां से बहुत ज्यादा जुड़ा हुआ था।

गोविंदा ने बताया कि जब वे नदी के गहरे पानी की ओर बढ़ रहे थे तभी वहां मौजूद राम कुंडल नाम के एक पुजारी ने उन्हें देख लिया। पुजारी ने तुरंत आगे आकर गोविंदा को संभाला और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।

यह भी पढ़ें: अमेरिका में H-1B वीजा नियमों में बड़ा बदलाव: भारतीयों पर मंडराया संकट, 60 दिन की ग्रेस अवधि खत्म करने का प्रस्ताव

पानी से बाहर आने के बाद गोविंदा को एहसास हुआ कि वे जो कदम उठाने जा रहे थे वह गलत था। उन्होंने खुद को समझाया कि उन्हें अब अपने परिवार और बच्चों के लिए जीना है और आगे बढ़ना है। गोविंदा की मां निर्मला देवी अपने जमाने की जानी-मानी शास्त्रीय गायिका और अभिनेत्री थीं।

साल 1996 में 69 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया था। गोविंदा अपनी मां को अपना गुरु मानते थे और कई मंचों पर यह बता चुके हैं कि उनके जीवन और करियर की सफलता में उनकी मां का सबसे बड़ा योगदान रहा है।सोशल मीडिया पर गोविंदा के इस बयान के सामने आने के बाद उनके फैंस काफी भावुक प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और उनके इस कठिन दौर से उबरने के जज्बे की तारीफ कर रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News