केंद्र और राज्य सरकारें सोचें कि महिला सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाने हैं : प्रियंका गांधी

punjabkesari.in Tuesday, Sep 22, 2026 - 02:28 PM (IST)

वायनाडः कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने दिल्ली और बिहार में महिलाओं के साथ हाल में हुई यौन हिंसा की घटनाओं पर चिंता जताते हुए मंगलवार को कहा कि महिलाओं पर हमले न केवल बढ़ रहे हैं, बल्कि अधिक हिंसक भी होते जा रहे हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि महिलाएं सड़कों पर सुरक्षित रूप से निकल सकें।

प्रियंका गांधी ने कहा कि महिलाओं के लिए हमेशा से असुरक्षित माहौल रहा है और अब यह स्थिति और भी खराब होती जा रही है। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ''यह (हिंसा) बढ़ रहा है, महिलाओं के प्रति हिंसा लगातार बढ़ती जा रही है। मेरा मानना है कि बड़ी-बड़ी योजनाओं और कार्यक्रमों की बात करने का कोई मतलब नहीं है, अगर हम सड़कों पर महिलाओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित नहीं कर सकते।''

वायनाड से लोकसभा सदस्य प्रियंका इन दिनों केरलम में हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर सभी को गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा, ''इसलिए, वास्तव में यह ऐसा विषय है जिस पर हम सभी को विचार करने की जरूरत है। राज्य सरकारों और खासकर केंद्र सरकार को इस बारे में सोचना होगा कि वे महिलाओं को सुरक्षित महसूस कराने के लिए क्या कदम उठाने जा रही हैं।'' वायनाड में अपने कार्यक्रमों के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस सांसद ने कहा कि यह लंबा दौरा है और उन्हें उम्मीद है कि वह अधिक से अधिक लोगों से मिल सकेंगी तथा उनकी समस्याओं को गहराई से समझ सकेंगी, ताकि उचित कदम उठाए जा सकें।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News