रक्षाबंधन से पहले लाड़ली बहनों को सरकार का तोहफा, खातों में आएंगे ₹1500, जानिए कैसे करें चेक
punjabkesari.in Thursday, Aug 07, 2025 - 12:51 PM (IST)

नेशनल डेस्क: रक्षाबंधन से पहले मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य की 1 करोड़ 26 लाख से अधिक महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। ‘लाड़ली बहना योजना’ की 27वीं किस्त के तहत आज गुरुवार, 7 अगस्त को महिलाओं के खातों में ₹1500 की राशि ट्रांसफर की जाएगी। इस बार की किस्त में ₹1250 की नियमित राशि के साथ रक्षाबंधन बोनस के रूप में अतिरिक्त ₹250 भी दिए जाएंगे।
CM मोहन यादव नरसिंहगढ़ से करेंगे ट्रांसफर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ से इस राशि को हितग्राहियों के खातों में ट्रांसफर करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री लगभग 28 लाख महिलाओं को गैस सिलेंडर रिफिलिंग के लिए ₹43.90 करोड़ की राशि भी वितरित करेंगे। कार्यक्रम में सीएम एक तीन किलोमीटर लंबे रोड शो में भी हिस्सा लेंगे।
कैसे चेक करें अपने खाते में पैसा आया या नहीं?
- योजना की राशि प्राप्त हुई या नहीं, यह लाभार्थी खुद लाड़ली बहना योजना के पोर्टल पर चेक कर सकते हैं।
- आवेदन एवं भुगतान की स्थिति टैब पर जाएं।
- अपना रजिस्ट्रेशन नंबर या समग्र ID डालें।
- कैप्चा भरें और OTP दर्ज करें।
- अगर आप पात्र हैं और सूची से नाम नहीं हटा है, तो आपका नाम दिखाई देगा और राशि ट्रांसफर होते ही मैसेज आ जाएगा।
शिवराज की पहल, मोहन यादव का विस्तार
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शुरू की गई इस योजना को अब सीएम मोहन यादव आगे बढ़ा रहे हैं। योजना के जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। अक्टूबर 2023 से इसकी राशि ₹1250 हुई थी और दिवाली 2025 से यह ₹1500 हो जाएगी। सरकार ने वादा किया है कि 2028 तक ये राशि बढ़ाकर ₹3000 प्रति माह की जाएगी।
योजना की पात्रता
- उम्र: 21 से 60 वर्ष
- स्थिति: विवाहित, विधवा, तलाकशुदा या परित्यक्ता
- आय सीमा: सालाना ₹2.5 लाख से कम
- परिवार में कोई आयकरदाता या सरकारी कर्मचारी नहीं होना चाहिए
- पांच एकड़ से कम जमीन व निजी कार नहीं होनी चाहिए
- आधार से लिंक बैंक खाता अनिवार्य
वर्तमान स्थिति
योजना की किस्त हर महीने की 10-15 तारीख के बीच ट्रांसफर की जाती है। फिलहाल योजना से 1.27 करोड़ से ज्यादा महिलाएं जुड़ी हुई हैं। सालाना खर्च ₹22,000 करोड़ तक पहुंच चुका है। हालांकि, अगस्त 2023 के बाद से नए आवेदन बंद हैं।