सरकार ने सचिवालय, विधानसभा कर्मियों को मनाया

Friday, Sep 08, 2017 - 11:21 PM (IST)

देहरादून: उत्तराखंड मे मंत्री परिषद (कैबिनेट) की बैठक में सचिवालय सेवा के विभिन्न संवर्गों का वेतनमान कम किए जाने के निर्णय के विरोध में सचिवालय कर्मियों ने सचिवालय और विधानसभा में कार्य बहिष्कार किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों से वार्ता की, मगर कोई परिणाम न निकलने के बाद देर शाम प्रभारी मुख्य सचिव से वार्ता के बाद कर्मचारियों ने काम पर आने की घोषणा कर दी। सोमवार से कर्मचारी अब नियमित कार्य करेंगे।

उल्लेखनीय है कि कैबिनेट ने सचिवालय और विधानसभा संवर्ग के कर्मचारियों के वेतनमान कम करने का फैसला किया था। इससे नाखुश कर्मचारियों ने शुक्रवार को कार्य बहिष्कार कर, हड़ताल कर दी थी। कार्य बहिष्कार के कारण आज सचिवालय में कोई भी विभाग नहीं खुला। इससे पहले कर्मचारियों को कार्यालय में घुसने से सचिवालय संघ से जुड़े नेताओं ने रोक दिया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस निर्णय को वापस नहीं लिया तो सोमवार को रणनीति तैयार कर व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कैबिनेट बैठक में लिया गया निर्णय सचिवालय सेवा के प्रति नकारात्मक मानसिकता दर्शाता है। इसका संघ पुरजोर विरोध करेगा। कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार के बाद मध्याह्न में मुख्यमंत्री ने कर्मचारी नेताओं से बातचीत की। जिसका कोई परिणाम न निकलने पर देर शाम प्रभारी मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने कर्मचारी नेताओं से बात कर मामले को सुलझाया। इसके बाद कर्मचारियों ने सोमवार से काम पर वापस आने की घोषणा कर दी। 

Advertising