देश में शुरू हुआ आजादी का 'अमृत महोत्सव', सरकारी इमारतें तिरंगे की रोशनी से जगमगाईं

Saturday, Aug 14, 2021 - 06:41 AM (IST)

नेशनल डेस्कः देश आजादी के 75वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। ऐसे में देशभर में केंद्र सरकार ने आजादी का अमृत महोत्सव मनाने का फैसला किया है। इसकी शुरूआत शुक्रवार से हो चुकी है। सरकारी इमारतें और रेलवे स्टेशन तिरंगे की रोशनी में जगमगाते नजर आए। आजादी का अमृत महोत्सव पूरे एक साल चलेगा। राजधानी दिल्ली की सड़कें तिरंगे की रोशनी से जगमगा उठी।


तिरंगे की रोशनी से दिल्ली का कनॉट प्लेस जगमगा उठा। इसके अलावा, दिल्ली के ही नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक भी तिरंगे की रोशनी में लिपटे नजर आए। बताते चलें कि नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक में सरकारी भवन हैं। वहीं, महाराष्ट्र का छत्रपति शिवाजी टर्मिनल, गुवाहाटी में नॉर्थ-ईस्ट फ्रंटियर रेलवे कार्यालय भी तिरंगे की रोशनी में जगमगाने लगे।


वही, आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर सूचना प्रसारण मंत्रालय ने भी कार्यक्रमों की सूची तैयारी की है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य ‘नए भारत’ की यात्रा में बलिदान के भाव और देशभक्ति के जज्बे को याद करने में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।


भारत की आजादी की 75वीं सालगिरह के अवसर पर मनाए जाने वाले ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ में लोगों की वृहद भागीदारी सुनिश्चित करने व जागरूकता के लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नवोन्मेषी कार्यक्रमों की श्रृंखला तैयार की है ताकि इस महोत्सव को ‘जनभागीदारी’ और ‘जन आंदोलन’ की भावना के साथ मनाया जाए।

 

 

 

Yaspal

Advertising