Earth Day पर गूगल ने बनाया खास डूडल, तस्वीरों के जरिए बताया कैसे बदल रही है हमारी पृथ्वी

Friday, Apr 22, 2022 - 10:35 AM (IST)

नेशनल डेस्क: पृथ्वी दिवस (World Earth Day 2022) आज मनाया जा रहा है। पृथ्वी दिवस का यह दिन पूरी तरह से हमारी धरती को समर्पित है जो हम सभी जीवों के लिए जीवनदायिनी है। जीवों को जीने के लिए जिन संसाधनों की जरूरत है, वो सबकुछ पृथ्वी हमें देती है। पृथ्वी दिवस के मौके पर गूगल ने भी बेहद खास डूडल बनाया है। गूगल ने कई तस्वीरें भी शेयर की हैं जो यह बताती हैं कि हमारी पृथ्वी का रूप कैसे बदल रह है जो चिंताजनक है। गूगल डूडल ने आज के दौर की बेहद अहम सच्चाई 'जलवायु परिवर्तन' पर हमारा ध्यान दिलाने की भी एक कोशिश है, जिसके बारे में बातें तो बहुत होती हैं पर गंभीरता से इस पर काम करने के उदाहरण बहुत कम हैं।

 

साल 1800 के दशक से मानव गतिविधियां जलवायु परिवर्तन को बहुत हद तक प्रभावित कर रही हैं। खास तौर पर कोयला, तेल और गैस जैसे जीवाश्म ईंधन के दोहन ने नई मुश्किलें पैदा कर दी हैं। गूगल डूडल के जरिए चार अलग-अलग स्थानों के एनिमेशन की एक श्रृंखला बनाई गई है। गूगल अर्थ टाइमलैप्स और अन्य स्रोतों से रीयल टाइम-लैप्स इमेजरी का उपयोग करते हुए डूडल हमारे ग्रह के चारों ओर चार अलग-अलग स्थानों में जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को दिखा रहा है।

 

एनिमेशन में इस्तेमाल चार तस्वीरें तंजानिया में माउंट किलिमंजारो, सेर्मर्सूकिन ग्रीनलैंड, ऑस्ट्रेलिया में ग्रेट बैरियर रीफ और जर्मनी के एलेंड में हार्ज फॉरेस्ट की हैं। बता दें कि हर साल पृथ्वी दिवस 22 अप्रैल को हमारे ग्रह को बचाने और इसे हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए बचाए रखने के संकल्प के तौर पर मनाया जाता है। पृथ्वी दिवस पहली बार 22 अप्रैल, 1970 को मनाया गया था।  हर साल पृथ्वी दिवस के लिए एक खास थीम रखी जाती है। पृथ्वी दिवस 2022 की थीम 'इन्वेस्ट इन अवर प्लानेट (Invest in Our Planet) है।

Seema Sharma

Advertising