Robert Kiyosaki Post: सोना-चांदी पर कियोसाकी की भविष्यवाणी हुई सच, क्रैश के बाद आई तगड़ी तेजी

punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 05:41 PM (IST)

नई दिल्ली:  सोना और चांदी की कीमतों में हालिया क्रैश ने जहां निवेशकों को घबराने पर मजबूर कर दिया था, वहीं इसी गिरावट को लेकर ‘रिच डैड पुअर डैड’ के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी ने पहले ही बड़ा इशारा कर दिया था। उन्होंने कीमतों में आई तेज गिरावट को नुकसान नहीं, बल्कि खरीदारी का सुनहरा मौका बताया था। अब मंगलवार को सोना-चांदी में आई जोरदार तेजी ने कियोसाकी की उसी भविष्यवाणी को सच साबित कर दिया है। लगातार गिरावट के बाद बाजार में आई इस अचानक रैली ने एक बार फिर उनकी वायरल पोस्ट को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

बुलियन मार्केट में सोमवार तक जो चांदी और सोना जमीन पर रेंग रहे थे, मंगलवार को उन्होंने 'रॉकेट' जैसी रफ़्तार पकड़ ली है। चांदी की कीमतों में महज एक दिन के भीतर 34,000 रुपये की तूफानी तेजी देखी गई, वहीं सोना भी फिर से 1.53 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के जादुई स्तर की ओर बढ़ चला है। बाजार की इस पलटी ने उन लोगों को हैरान कर दिया है जो इसे एक बड़ा आर्थिक संकट मान रहे थे।

इस भारी उथल-पुथल के बीच 'रिच डैड, पुअर डैड' के मशहूर लेखक रॉबर्ट कियोसाकी का एक सोशल मीडिया पोस्ट आग की तरह फैल रहा है। जब दुनिया गिरावट से डरी हुई थी, तब कियोसाकी ने इसे 'क्रैश' नहीं बल्कि सोना-चांदी की 'महासेल' करार दिया। उन्होंने अमीर और गरीब की मानसिकता का अंतर समझाते हुए एक चुटकी ली। उन्होंने कहा कि जब वॉलमार्ट जैसे स्टोर में सेल लगती है, तो आम लोग खरीदारी के लिए टूट पड़ते हैं, लेकिन जब फाइनेंशियल मार्केट में सेल (यानी कीमतों में गिरावट) आती है, तो वही लोग डरकर भागने लगते हैं। कियोसाकी के मुताबिक, समझदार और अमीर निवेशक इस 'सेल' का इंतजार करते हैं ताकि वे सस्ते में सोना, चांदी और बिटकॉइन बटोर सकें।

आंकड़ों पर गौर करें तो यह बदलाव वाकई चौंकाने वाला है। चांदी, जो 29 जनवरी को 4.20 लाख रुपये के ऐतिहासिक शिखर पर थी, सोमवार को गिरकर 2.25 लाख रुपये के आसपास आ गई थी—यानी चार दिनों में करीब 2 लाख रुपये की भारी गिरावट। लेकिन मंगलवार को इसने जोरदार वापसी करते हुए 2,70,229 रुपये का स्तर छू लिया। सोने का हाल भी कुछ ऐसा ही रहा; एमसीएक्स पर 2 अप्रैल की एक्सपायरी वाला सोना, जो अपने हाई से 54,000 रुपये से ज्यादा टूट चुका था, मंगलवार को दोबारा 1,53,460 रुपये के स्तर पर पहुंच गया।

कियोसाकी की यह सलाह कि "मैं कैश हाथ में लेकर इस सेल में खरीदारी का इंतजार कर रहा हूं", अब सच साबित होती दिख रही है क्योंकि बाजार ने फिर से यू-टर्न ले लिया है। अमेरिका के साथ हुई व्यापारिक डील और वैश्विक संकेतों ने बाजार में जान फूंक दी है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि जो लोग इस गिरावट को खरीदारी का मौका समझ रहे थे, वे अब बड़े मुनाफे की ओर बढ़ रहे हैं। अब देखना यह है कि क्या सोना-चांदी अपने पुराने रिकॉर्ड को तोड़ पाएंगे या ये उतार-चढ़ाव का दौर अभी जारी रहेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News