Gold-Silver Price Crash: न्यूयॉर्क से मुंबई तक सोने-चांदी की कीमतों में आई भारी गिरावट, एक्सपर्ट ने बताया वजह
punjabkesari.in Friday, Oct 24, 2025 - 02:14 PM (IST)
नेशनल डेस्क: दुनियाभर के बाजारों में सोना और चांदी के दामों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। न्यूयॉर्क, लंदन और यूरोप से लेकर मुंबई तक कीमती धातुओं की कीमतों में कमजोरी दर्ज की गई है। बीते हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन सोने और चांदी अपने पीक पर थी, लेकिन इसके बाद दोनों कीमती मेटल्स में तेजी से गिरावट आई। शुक्रवार को भी इसी प्रवृत्ति को देखा गया।
देश के वायदा बाजार, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 10 ग्राम सोने की कीमत 641 रुपये की गिरावट के साथ 1,23,463 रुपये पर पहुँच गई। सुबह 9:30 बजे सोना 378 रुपये घटकर 1,23,726 रुपये पर कारोबार कर रहा था। वहीं एक दिन पहले यह 1,24,104 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी की कीमतों में भी भारी गिरावट दर्ज हुई। MCX पर चांदी की कीमत कारोबारी सत्र के दौरान 2,012 रुपये प्रति किलोग्राम घटकर 1,46,500 रुपये पर आ गई। चांदी सुबह 9:45 बजे 1,400 रुपये की गिरावट के साथ 1,47,112 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी।
गिरावट की वजहें
विशेषज्ञों के अनुसार, सोने-चांदी के दामों में गिरावट के पीछे कई कारण हैं। भारत और अमेरिका के बीच टैरिफ तनाव में कमी, अमेरिका और चीन के बीच सकारात्मक वार्ता का माहौल और वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव में कमी के कारण निवेशक सुरक्षित विकल्पों की ओर कम आकर्षित हुए। इसके अलावा, फेस्टिव डिमांड और सेफ-हेवन इन्वेस्टमेंट में कमी भी कीमतों पर असर डाल रही है।
विदेशी बाजार का हाल
न्यूयॉर्क के कॉमेक्स बाजार में गोल्ड फ्यूचर 16.50 डॉलर गिरकर 4,129.10 डॉलर प्रति ओंस पर कारोबार कर रहा है। वहीं गोल्ड स्पॉट की कीमतें 10.22 डॉलर की गिरावट के साथ 4,116.06 डॉलर प्रति ओंस हैं। यूरोपीय बाजार में गोल्ड स्पॉट के दाम 3,544.94 यूरो प्रति ओंस और ब्रिटिश मार्केट में 3,088.63 पाउंड प्रति ओंस पर हैं। सिल्वर में भी गिरावट दर्ज की गई। न्यूयॉर्क में सिल्वर फ्यूचर 48.27 डॉलर प्रति ओंस पर, और सिल्वर स्पॉट 48.63 डॉलर प्रति ओंस पर कारोबार कर रहा है। यूरोपीय और ब्रिटिश मार्केट में सिल्वर स्पॉट क्रमशः 41.89 यूरो और 36.50 पाउंड प्रति ओंस पर पहुँचा।
