LAC पर फायरिंग से छटपटाया चीन, ग्लोबल टाइम्स ने भारत को खुलेआम दी धमकी

Tuesday, Sep 08, 2020 - 02:16 PM (IST)

बीजिंगः सीमा विवाद को लेकर भारत और चीन के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर पूर्वी लद्दाख में पैंगोंग सो झील के दक्षिणी किनारे पर दोनों देशों के बीच हालात बेहद गंभीर होते जा रहे हैं। चीन के सरकारी प्रोपैगैंडा अखबार ग्लोबल टाइम्स ने चीनी सेना के वेस्टर्न थियेटर कमांड के प्रवक्ता के हवाले से पैंगोग सो के पास झड़प का दावा किया है। चीन के पश्चिमी थिएटर कमांड ने आरोप लगाया है कि 7 सितंबर को उसके सैनिक बातचीत के लिए गए थे और वहां उन पर भारतीय सैनिकों ने गोलीबारी की।

चीन का आरोप अगर सच है तो करीब 45 साल बाद यह पहला मौका है जब दोनों ही देशों के बीच गोली चली है। इस तथाकिथत गोलीबारी के बाद चीन बौखलाया हुआ है और ग्लोबल टाइम्स ने एक बार फिर भारत को खुलेआम धमकी दे दी है। ग्लोबल टाइम्स ने अपने ट्वीट में लिखा चीन भारत के साथ सीमा पर युद्ध नहीं चाहता। लेकिन अगर भारतीय पक्ष चीन की सद्भावना की गलत व्याख्या करता है और चेतावनी शॉट्स के साथ PLA को रोकना चाहता है, तो उसे इसका जवाब जरूर मिलेगा और चीन युद्ध करने से भी गुरेज नहीं करेगा ।

उधर, भारतीय सूत्रों का कहना है कि चीन के सैनिक मुखपारी चोटी पर कब्‍जा करने के लिए गलवान जैसी हिंसा दोहराना चाहते थे और भारतीय सैनिकों को बचाव में हवा में गोली चलानी पड़ी। ग्‍लोबल टाइम्‍स ने लिखा, 'भारतीय सेना ने पैंगोंग सो झील के दक्षिणी छोर के पास शेनपाओ की पहाड़ी पर एलएसी को पार किया। भारतीय जवानों ने बातचीत की कोशिश कर रहे पीएलए के बॉर्डर पट्रोल से जुड़े सैनिकों पर वार्निंग शॉट फायर किए जिसके बाद चीनी सैनिकों को हालात काबू में करने के लिए कदम उठाने पड़े।'

PLA के वेस्टर्न थियेटर कमांडर के प्रवक्ता झांग शुई ने भारत पर आरोप लगााते हुए कहा, 'भारतीय पक्ष ने द्विपक्षीय समझौतों का उल्लंघन किया है। इससे क्षेत्र में तनाव और गलतफहमी बढ़ेंगे। यह एक गंभीर सैन्य उकसावा है।' झांग ने आगे कहा, 'हम भारतीय पक्ष से मांग करते हैं कि खतरनाक कदमों को रोके और फायरिंग करने वाले शख्स को सजा दे। साथ ही भारत यह सुनिश्चित करे कि ऐसी घटनाएं दोबारा ना हों। पीएलए के वेस्टर्न कामांड के सैनिक अपने कर्तव्यों का पालन करेंगे और राष्ट्र की क्षेत्रीय संप्रभुता की रक्षा करेंगे।'

 

भारत के एक्‍शन से क्‍यों बौखलाया है चीन?
भारतीय सेना के जवानों ने चूसूल सेक्‍टर में 29/30 अगस्‍त को पैंगोंग झील के दक्षिणी किनारे से लेकर रिचिन ला तक सभी ऊंचाई वाली जगहों पर कब्‍जा कर लिया है। यह वही जगह है जहां पर वर्ष 1962 में भारत और चीन के बीच जंग हुई थी। भारतीय जवानों ने जिन इलाकों पर कब्‍जा किया है, उसे ग्रे जोन कहा जाता है और इस पर दोनों ही देश अपना दावा करते हैं। अब तक इस पर किसी का कब्‍जा नहीं था। भारतीय जवानों ने अब इन चोटियों पर कब्‍जा कर लिया है। इससे चीन बुरी तरह से बौखला गया है। दरअसल, भारत के सैनिक अब चीन के बेहद अहम मोल्‍डो सैन्‍य बेस और स्‍पांगुर झील पर पूरी तरह से नजर रखने की स्थिति में आ गए हैं।

Tanuja

Advertising