प्यार साबित करने के लिए गर्लफ्रेंड ने जहर पीने को कहा, युवक की इलाज के दौरान चली गई जान

punjabkesari.in Saturday, Oct 11, 2025 - 10:05 PM (IST)

नेशनल डेस्कः छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में प्रेम का सबूत देने के लिए एक युवक ने युवती के घर में जहर खा लिया, जिसके कारण बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को बताया कि वह मामले की जांच कर रही है। 

कोरबा जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश सिंह ठाकुर ने बताया कि लेमरू थाना क्षेत्र के अंतर्गत देवपहरी गांव के युवक कृष्ण कुमार पंडो (20) ने कथित तौर पर जहर खाकर कर जान दे दी है। 

ठाकुर ने बताया कि पंडो ने 25 सितंबर को जहर खाया था, जिसे 27 सितंबर को कोरबा शहर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती किया गया था। इलाज के दौरान आठ अक्टूबर को उसकी मौत हो गई। युवक के परिजनों का आरोप है कि युवक ने मौत से पहले उन्हें बताया था कि वह एक युवती से प्रेम करता था। जब युवती के परिजनों को इसकी जानकारी मिली तब उन्होंने युवक को करीब के गांव स्थित अपने घर में बुलाया और प्रेम साबित करने के लिए जहर पीने की बात कही। उनकी बातों में आकर युवक ने जहर का सेवन कर लिया। 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक ने एक युवती के परिवार के सदस्यों के कहने पर जहर खा लिया था। पुलिस युवक की मौत के कारण और सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के बाद ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News