गिरिराज सिंह का आरोप- नीतीश करवाना चाहते हैं मेरी हत्या

Friday, Apr 07, 2017 - 03:35 PM (IST)

नई दिल्ली: नवादा के सांसद और केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बड़ा संगीन आरोप लगाया है। रामनवमी के मौके पर निकलने वाली शोभायात्रा में शामिल होने नवादा पहुंचे गिरिराज सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार उनकी हत्या कराना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इस वजह से वो भयभीत हैं। 2 दिन पहले ही पटना में रामनवमी के एक कार्यक्रम में मंच पर ही उनकी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बहस हो गई थी। उस वक्त वहां गवर्नर रामनाथ कोविन्द, शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी और साध्वी ऋतंभरा भी मौजूद थीं।

रामनवमी के मौके पर भगवान श्रीराम का पोस्टर फाडऩे के विवाद में नवादा शहर के सद्भावना चौक पर 2 समुदायों के बीच झड़प हो गई थी। झड़प के बाद दोनों गुटों की तरफ से जमकर रोड़ेबाजी हुई जिसमें कई लोग घायल हो गए। मौके का फायदा देखते हुए असामाजिक तत्वों ने कई दुकानों में आग लगा दी थी, तब पुलिस को कई राउंड फायरिंग करनी पड़ी थी। इससे अभी भी वहां हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। प्रशासन और पुलिस के कई बड़े अधिकारी अभी भी वहां कैम्प कर रहे हैं।
 

Advertising