आबादी के नियंत्रण को लेकर गिरिराज ने फिर दिया विवादित बयान

Sunday, Apr 23, 2017 - 03:30 PM (IST)

नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एक बार फिर आबादी के नियंत्रण का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून की सख्त जरूरत है। मंत्री का कहना था कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत बचाए रखने के लिए जरूरी है कि सभी धर्मों के लोगों पर दो से ज्यादा बच्चे पैदा करने की पाबंदी लगे। उन्होंने कहा कि भारत में हर साल ऑस्ट्रेलिया की जनसंख्या जितनी आबादी जुड़ती है और भारतीय दुनिया की कुल आबादी का 17 फीसदी है। उनके मुताबिक इस समस्या के चलते प्राकृतिक संसाधन तेजी से घट रहे हैं। नोटबंदी लागू होने के बाद गिरिराज सिंह ने कहा था कि देश में नसबंदी अभियान चलाया जाना चाहिए। इससे पहले उन्होंने हिंदुओं को ज्यादा बच्चे पैदा करने की नसीहत दी थी। 

200 फीसदी अयोध्या में ही बनेगा राम मंदिर
गिरिराज सिंह ने राम मंदिर पर भी अपनी राय रखी। उनका दावा था कि मंदिर 200 फीसदी अयोध्या में ही बनेगा। सिंह के मुताबिक तुष्टिकरण की राजनीति ऐसा होने से नहीं रोक पाएगी। उन्होंने कहा कि अगर अयोध्या में राम मंदिर नहीं बनता है तो बहुसंख्यक आबादी के मन में असंतोष पनपेगा। ओवैसी पर हमला बोलते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि संविधान बहुसंख्यक आबादी के लोगों ने ही बनाया है। उनके मुताबिक गोरक्षा के नाम पर मारपीट करना गलत है लेकिन ये भी सच है कि देश में गाय माता के समान पूजा जाती है। 

Advertising