गाजीपुर लैंडफिल साइट पर गौतम गंभीर ने किया 4 ट्रोमेल मशीनों का उद्घाटन, कहा- 40 फीट कूड़ा खत्म करना मेरी जिम्मेदारी

Friday, Sep 11, 2020 - 05:13 PM (IST)

नई दिल्लीः पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने शुक्रवार को गाजीपुर लैंडफिल (कूड़ा डालने की जगह) का निरीक्षण किया और कहा कि अगले एक साल में कूड़े के ढेर की ऊंचाई 30 से 40 फुट कम होने की संभावना है। इससे पहले गंभीर ने दावा किया था कि लैंडफिल की ऊंचाई 40 फुट तक कम हुई है। गंभीर ने लैंडफिल स्थान पर चार ‘ट्रॉमेल' मशीनों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा, "यह एक सतत प्रक्रिया है। यहां पहले से ही आठ ट्रॉमेल मशीनें लगी हुई हैं। इन चार मशीनों के साथ अब यहां 2,600 टन कचरे का निस्तारण हो सकेगा। यहां प्रति दिन 2,400 टन कचरा प्राप्त होता है।" उन्होंने कहा कि एक साल के अंदर पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने यहां 12 ट्रॉमेल मशीनें लगाई हैं।


गंभीर ने कहा कि इन मशीनों के अलावा कचरे को अलग करने के लिए यहां एक अत्याधुनिक संयंत्र की स्थापना के लिए भी बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य कूड़े को साफ करना है। हमने पहले ही लैंडफिल की ऊंचाई 40 फुट कम की थी। उम्मीद है कि अगले एक साल में 30-40 फुट की ऊंचाई और अन्य दो से तीन साल में लैंडफिल की ऊंचाई आधी रह जाएगी।''

क्रिकेटर से नेता बने गंभीर ने कहा कि गाजीपुर लैंडफिल स्थान पूर्वी दिल्ली का ही नहीं बल्कि पूरे नगर का मुद्दा है। उन्होंने दावा किया, ‘‘गाजीपुर लैंडफिल ऐसा मुद्दा है जो पूरी दिल्ली को प्रभावित करता है और इससे निजात पाने के लिए सभी एजेंसियों को एक साथ काम करने की आवश्यकता है। मैंने फरवरी में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को एक पत्र लिखा था और उन्हें एक साथ लैंडफिल स्थान का दौरा करने तथा सभी अधिकारियों के साथ एक बैठक करने का निमंत्रण दिया था। लेकिन आज तक उनकी ओर से कोई जवाब नहीं आया है।''

 

 

Yaspal

Advertising