सेनेगल से भारत लाया गया फरार गैंगस्टर रवि पुजारी

Monday, Feb 24, 2020 - 01:38 AM (IST)

नेशनल डेस्कः दक्षिण अफ्रीका में करीब 25 दिन पहले गिरफ्तार किए गए 15 वर्षों से फरार गैंगस्टर रवि पुजारी को पुलिस अधिकारियों की एक टीम सेनेगल से लेकर भारत पहुंच गई है। एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि पुजारी उगाही और हत्या के कई मामलों में वांछित और 15 साल से फरार था। उसे सेनेगल निर्वासित कर दिया गया था, जहां से पिछले साल जमानत मिलने के बाद वह फरार हो गया था। 

इससे पहले पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हम सेनेगल से उसके साथ आ रहे हैं। अभी पेरिस में हैं। हम एयर फ्रांस की उड़ान से आ रहे हैं और आधी रात तक वहां (भारत) पहुंच जाएंगे।

बता दें कि अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी की तालाश कर रही अहमदाबाद पुलिस ने पांच महीने पहले दक्षिण अफ्रिकी सरकार को पत्र तक लिखा था। दरअसल, पुजारी पर गुजरात के कई व्यापारियों और राजनेताओं ने करोड़ों रुपए की रंगदारी के लिए धमकाने का आरोप लगाया था, जिसके चलते अहमदाबाद पुलिस उसे गुजरात लाना चाहती थी। 

कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने किया था गिरफ्तारी का दावा
कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमार स्वामी ने बीती 31 जनवरी (शुक्रवार) को अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी की सेनेगल में गिरफ्तारी के संबंध में दावा किया था। साथ ही उन्होंने कहा था कि इस गिरफ्तारी के पीछे कर्नाटक सरकार का अहम योगदान होने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि पुजारी राज्य में कई अपराधों में शामिल रहा। ऐसे में कर्नाटक के अफसर उसे पकड़ने के लिए केंद्र सरकार के साथ लगातार प्रयास कर रहे थे। वे सेनेगल में भारतीय दूतावास के अफसरों के संपर्क में भी थे।

Pardeep

Advertising