गणपति उत्सव के चंदे को लेकर विवाद, गणेश मंडल के सदस्य ने की दोस्त की हत्या, ट्रेन से पकड़ा गया आरोपी

punjabkesari.in Tuesday, Sep 29, 2026 - 01:16 PM (IST)

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में गणेश मंडल के एक सदस्य ने हाल में हुए गणपति उत्सव के लिए इकट्ठा किए गए चंदे को लेकर हुए विवाद के बाद कथित तौर पर अपने एक दोस्त की हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। 

पुलिस ने बताया कि घटना रविवार रात को हुई और आरोपी को घटना के 12 घंटे के भीतर सोमवार को कल्याण रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन से पकड़ लिया गया। आरोपी आंध्र प्रदेश में अपने घर भागने की फिराक में था। संदीप दिलीप माधिवाल (29) और आरोपी गोविंद रामलू कोली उर्फ ​​चिन्ना (30) अंबरनाथ के ओबीएन मित्र मंडल के सदस्य थे। विवाद तब शुरू हुआ जब माधिवाल ने कोली से उत्सव के लिए इकट्ठा किए गए और उसके पास रखे चंदे के बारे में सवाल किया। 

पुलिस अधिकारी ने बताया कि सवाल किए जाने से नाराज कोली ने कथित तौर पर माधिवाल की पीट-पीटकर हत्या कर दी और मौके से भाग गया। अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की। सूचना के आधार पर पुलिस की तीन टीम ने ट्रेनों की तलाशी ली और कोली को एक जनरल डिब्बे से पकड़ लिया। बाद में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News