गडकरी का कांग्रेस पर तंज, कहा- BJP ने वंशवाद की राजनीति को किया खत्म

Sunday, Oct 28, 2018 - 11:41 AM (IST)

नेशनल डेस्क: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने वंशवाद की राजनीति को लेकर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारत गरीब आबादी के साथ अमीर देश है क्योंकि इससे पहले देश पर शासन करने वालों ने अपने परिवारों को फायदा पहुंचाया।


गडकरी ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) के राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रतिनिधियों को संबोधित करते कहा कि कहा कि भाजपा एक परिवार की पार्टी नहीं है। यह जाति, धर्म और भाषा के आधार पर राजनीतिक नहीं करती है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयीजी हमारे बड़े नेता थे लेकिन बीजेपी कभी उनके या लालकृष्ण आडवाणी के नाम से नहीं पहचानी गई, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह हैं। नेतृत्व बदलता गया मगर पार्टी कभी किसी खास व्यक्ति के नाम पर नहीं चली।


केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हम गरीब जनसंख्या के साथ समृद्ध राष्ट्र हैं। जिन्होंने राज किया उन्होंने अपने परिवारों को फायदा पहुंचाया। प्रधानमंत्री ने एक प्रधानमंत्री को जन्म दिया, मुख्यमंत्री ने एक मुख्यमंत्री को जन्म दिया और इसी तरह से चीजें आगे चलती रहीं। हमने इसे बदला है। 


सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने छह नदियों को जोडऩे की योजना बनाई है जिस पर करीब दो लाख करोड़ की लागत आएगी। केंद्र तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश और तेलंगाना की पानी की जरूरतों को पूरा करने के उद्देश्य से नदियों को जोडऩे के लिये प्रतिबद्ध है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग जनता को यह कहकर गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं कि सरकार परियोजना पर ध्यान केंद्रित नहीं कर रही है। 

vasudha

Advertising