किसान कर्ज माफी : कर्नाटक में किसानों के बैंक खातों में जमा होंगे फंड
Thursday, Jun 21, 2018 - 08:02 PM (IST)
बेंगलुरू : कर्नाटक सरकार किसानों की कर्ज माफी में दुरुपयोग को रोकने के लिए किसानों के बैंक खातों में सीधे फंड जमा करने की योजना बना रही है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक बहुत से ऐसे सरकारी कर्मचारी हैं, जिनके पास भूमि है, लेकिन वे खेती का काम नहीं करते और ये लोग कृषि भूमि के नाम पर कर्ज लेकर उसे विलासिता के सामान खरीदने जैसे अन्य प्रायोजनों में खर्च करते हैं।
इसी गोरखधंधे पर रोक लगाने के लिए अब क्रेडिट फंड सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा किए जाएंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी पहले चरण में सहकारी बैंको से लिए गए किसानों के कर्ज को माफ किए जाने की घोषणा करेंगे। इससे करीब 10 हजार करोड़ रुपयों का भार पड़ेगा। मुख्यमंत्री जुलाई में नई सरकार के विधानसभा के पहले सत्र में इसकी घोषणा कर सकते हैं।