ताजा हिमपात से गुलजार हो उठी घाटी, बर्फीली हवाओं ने बढ़ाया ठंड का प्रकोप

Friday, Feb 01, 2019 - 04:22 PM (IST)

श्रीनगर : कश्मीर घाटी में शुक्रवार को भी पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है जबकि मैदानी इलाकों में हल्की बारिश जारी रहा। बर्फबारी के कारण बर्फीली हवाओं का प्रकोप बढ़ा है। राज्य में बुधवार देर शाम से मैदानी इलाकों में बारिश शुरू हो गई थी और गुरूवार को उपरी इलाकों में बर्फबारी शुरू हुई थी जो शुक्रवार को भी जारी रही। कश्मीर घाटी के ऊपरी इलाकों के साथ ही साथ जम्मू संभाग के पहाड़ी इलाकों रामबन, बनिहाल, कठुआ, राजौरी, पुंछ में भी बर्फबारी हुई।  मैदानी इलाकों में बुधवार देर शाम से हो रही बारिश शुक्रवार को भी जारी रही। इससे राज्य में सर्दी का प्रकोप और बढ़ा है।

 

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के मौसम में सुधार शुक्रवार से होना शुरू हो जाएगा। शुक्रवार को भी श्रीनगर शहर व उसके साथ लगते ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई।  मौसम विभाग का कहना है कि अगले चौबीस घंटों के दौरान घाटी में उच्च पर्वतीय श्रृंखला में बर्फबारी और जम्मू के मैदानी इलाकों में बारिश जारी रहेगी। शनिवार दोपहर बाद मौसम साफ  होने की उम्मीद है।


 
 इसी बीच श्रीनगर का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.5 डिग्री सेल्सियस रहा। पहलगाम तथा गुलमर्ग का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.6 तथा शून्य से नीचे 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेह का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 6 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी बीच द्रास का शून्य से नीचे 16.8 तथा कारिगल का भी न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। 
 

Monika Jamwal

Advertising