स्वतंत्रता सेनानी श्यामजी कृष्ण वर्मा की आज जयंती- PM मोदी ने दी श्रद्धांजलि

Sunday, Oct 04, 2020 - 03:11 PM (IST)

नेशनल डेस्कः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को क्रांतिकारी स्वतंत्रता सेनानी श्यामजी कृष्ण वर्मा को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित किया तथा कई राष्ट्रवादी लोगों को प्रेरित किया। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया कि श्यामजी कृष्ण वर्मा निडर और स्वार्थरहित व्यक्ति थे। उन्होंने भारत की आजादी के लिए स्वयं को समर्पित किया और अनेक राष्ट्रवादियों को प्रेरित किया। उनकी जयंती पर भारत उन्हें नमन करता है। राष्ट्र के लिए उनकी कल्पना को साकार करने के लिए हम हमेशा कड़ी मेहनत करेंगे।

मोदी ने ट्वीट में एक वेबसाइट के बारे में बताया जिससे वर्मा के बारे में और जानकारी प्राप्त की जा सकती है। उक्त वेबसाइट के मुताबिक वर्मा का जन्म 1857 को हुआ था। उन्होंने लंदन में ‘इंडिया हाउस' में क्रांतिकारी केंद्र की स्थापना की थी और ‘दी इंडियन सोशियोलॉजिस्ट' नामक जर्नल में भारत की आजादी की वकालत करते हुए कई लेख लिखे थे। उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने भी स्वतंत्रता सेनानी श्यामजी कृष्ण वर्मा को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। नायडू ने यूरोप में रह रहे भारतीयों को स्वतंत्रता संग्राम का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित करने में वर्मा की भूमिका को याद किया।

 

नायडू ने कहा कि लंदन में वर्मा का 'इंडिया हाउस' कई स्वतंत्रता सेनानियों के लिए बैठकों का केंद्र था। उप राष्ट्रपति सचिवालय ने नायडू के हवाले से ट्वीट किया कि महान देशभक्त और क्रांतिकारी स्वतंत्रता सेनानी श्री श्यामजी कृष्ण वर्मा को आज उनकी जयंती पर नमन करता हूं। उन्होंने यूरोप में रह रहे भारतीयों में देशभक्ति की लौ प्रज्ज्वलित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।'' 1857 में इसी दिन वर्मा का जन्म हुआ था।

Seema Sharma

Advertising