फ्रांस का भारत के नाम संदेश, कहा- नोट्रे डेम घटना के बाद दिए समर्थन के लिए ' धन्यवाद'

Tuesday, Apr 16, 2019 - 03:42 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: भारत में फ्रांस के राजदूत एलेक्जेंडर जिगलर ने मंगलवार को कहा कि पेरिस के ऐतिहासिक नोट्रे-डेम गिरजाघर में लगी भीषण आग के बाद भारत के लोगों की ओर से मिले प्यार से बेहद अभिभूत हूं। विश्व धरोहर स्थल के रूप में घोषित 800 साल से अधिक पुराने गिरिजाघर को विश्व भर में सबसे प्रख्यात ऐतिहासिक स्थल में से एक माना जाता है और इसे देखने के लिए कई देशों के लोग बड़ी संख्या में यहां आते हैं।
   

राजदूत जिगलर ने ट्वीट किया कि नोट्रे डेम डे पेरिस आग के बाद पूरे भारत से भेजे गए संदेशों से अभिभूत हूं। ऐसे वक्त में ही आप दोस्ती के मूल्य को समझते हैं। गिरजाघर में लगी विनाशकारी आग की खबर फैलने के तुरंत बाद कई भारतीयों ने सोशल मीडिया पर दुख जाहिर किया। कई लोगों ने वहां के अपने दौरे को याद किया और कई अन्य ने वहां खिंचाई गई अपनी तस्वीरें साझा की।
    

गौतम दामोदरन नामक व्यक्ति ने ट्वीट किया कि मेरी संवेदनाएं फ्रांस के लोगों के साथ हैं। नोत्रे डेम के 850 साल पुराने इतिहास से हमें मजबूत बनने का सबक मिलता है और हम बनेंगे। भारत की ओर से ढेर सारा प्यार। बहरहाल, पेरिस के ऐतिहासिक नोट्रे-डेम कैथेड्रल में सोमवार को लगी आग पर करीब 15 घंटे की मेहनत के बाद आखिरकार काबू पा लिया गया। लेकिन आग से इस ऐतिहासिक धरोहर को गंभीर नुकसान पहुंचा है। 

vasudha

Advertising