4 महिला पायलटों ने बढ़ाया देश का गौरव,  सैन फ्रांसिस्को से नॉन-स्टॉप उड़ान भर पहुंची बेंगलुरु

Monday, Jan 11, 2021 - 10:55 AM (IST)

नेशनल डेस्क:  भारतीय विमानन के इतिहास में पहली बार महिला पायलटों की एक टीम ने दुनिया के सबसे लंबे हवाई मार्ग उत्तरी ध्रुव (नॉर्थ पोल) पर उड़ान भरने का कीर्तिमान रच दिया है। कॉकपिट में केवल महिला चालक दल की यह टीम रविवार को अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को से उड़ान भरने के बाद नॉर्थ पोल से होते हुए बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंच गई है। 

एयर इंडिया ने दी जानकारी 
लोकेशन की जानकारी खुद एयर इंडिया अपने ट्विटर हैंडल से समय-समय पर दे रहा था। यह उड़ान उत्तरी ध्रुव के ऊपर से होते हुए और अटलांटिक मार्ग से कर्नाटक की राजधानी पहुंची। एअर इंडिया के सूत्रों के मुताबिक, उड़ान संख्या एआई-176 शनिवार को सैन फ्रांसिस्को से रात 8.30 बजे (स्थानीय समयानुसार) रवाना हुई और यह सोमवार तड़के 3.45 बजे पहुंची। 


नारी शक्ति की ऐतिहासिक उपलब्धि 
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री, हरदीप सिंह पुरी ने ट्वीट कर बताया था कि कोकपिट में पेशेवर, योग्य और आत्मविश्वासी महिला चालक सदस्यों ने एअर इंडिया के विमान से सैन फ्रांसिस्को से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरी है और वे उत्तरी ध्रुव से गुजरेंगी। हमारी नारी शक्ति ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।  एअर इंडिया ने कहा था कि यह दुनिया की सबसे लंबी वाणिज्यिक उड़ान होगी जो भारत में उसके या किसी अन्य एयरलाइन द्वारा संचालित की जाएगी। 

 उड़ान का समय 17 घंटे से अधिक 
एअर इंडिया ने इस ऐतिहासिक उड़ान से पहले जारी एक बयान में कहा था कि इस मार्ग पर कुल उड़ान का समय 17 घंटे से अधिक होगा जो उस विशेष दिन पर हवा की गति आधारित होगा। चालक दल की सदस्य हैं: कैप्टन जोया अग्रवाल, कैप्टन पापागरी तनमई, कैप्टन आकांक्षा सोनवरे और कैप्टन शिवानी मन्हास। एयर इंडिया ने ट्वीट किया था कि इसकी कल्पना कीजिए: -सभी महिला कॉकपिट सदस्य- भारत आने वाली सबसे लंबी उड़ान- उत्तरी ध्रुव से गुजरना और यह सब हो रहा है! रिकॉर्ड टूट गए। एआई-176 द्वारा इतिहास रचा गया। एआई-176, तीस हजार फुट की ऊंचाई पर उड़ान भर रहा है।'' 
 

vasudha

Advertising