नीति आयोग की बैठक से पहले चार गैर भाजपाई मुख्यमंत्रियों की बैठक

Saturday, Jun 16, 2018 - 11:48 PM (IST)

 नई दिल्ली : गैर - भाजपा शासित चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने नीति आयोग की बैठक से पहले विचार विमर्श किया। पश्चिम बंगाल , आंध्र प्रदेश , केरल और कर्नाटक के मुख्यमंत्रियों क्रमश : ममता बनर्जी , चंद्रबाबू नायडू , पी विजयन और एच डी कुमारस्वामी ने आंध्र प्रदेश भवन में मुलाकात की। उनकी यह मुलाकात नीति आयोग की रविवार को होने वाली बैठक से पहले हुई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को होने वाली बैठक की अध्यक्षता करेंगे। चार मुख्यमंत्रियों ने पहले मांग की थी कि केंद्र उनके राज्यों को विशेष वित्तीय सहायता प्रदान करे। आंध्र प्रदेश को विशेष दर्जा देने से इंकार करने के बाद नायडू की तेलुगू देशम पार्टी मार्च में राजग सरकार से बाहर हो गई थी। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब क्षेत्रीय दल 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा से मुकाबला के लिए एक संयुक्त मोर्चा बनाने पर विचार कर रहे हैं।

कांग्रेस के किसी मुख्यमंत्री ने बैठक में भाग नहीं लिया क्योंकि नायडू ने हमेशा उस पार्टी से दूरी बनाए रखी है। कांग्रेस ने विपक्षी दलों के लिए सोनिया गांधी के रात्रिभोज और राहुल गांधी की इफ्तार पार्टी में भी नायडू को आमंत्रित नहीं किया था।  

Punjab Kesari

Advertising