केदारनाथ जा रहा वाहन खाई में गिरा, चार की मौत

Saturday, May 06, 2017 - 09:25 PM (IST)

देहरादून: उत्तराखंड में शनिवार को केदारनाथ धाम यात्रियों को ले जा रहे एक वाहन के गहरी खाई में गिरने से उसमें सवार चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सात अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक यात्री महाराष्ट्र के बताए जा रहे हैं। उत्तरकाशी से वाया लम्बगांव होते हुए केदारनाथ जा रहे टेम्पों ट्रेवल्स वाहन संख्या एचआर-29बी-2718 एलकेसी मोटर मार्ग पर केमुन्डाखाल-चमियाला के बीच चंगोरा के पास 300 मीटर गहरी खाई में गिर गया। 

वाहन में चालक सहित 11 लोग सवार थे। दुर्घटना दोपहर साढ़े बारह बजे की बताई जा रही है। इस हादसे में चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वाले यात्री मुंबई के बताए जा रहे हैं। जबकि दो गंभीर रुप से घायल हैं। घायलों को बेलेस्वर अस्पताल में भर्ती किया गया है। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने वाहन दुर्घटना में मृतकों के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना करते हुए जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए है। 

उन्होंने मृतक परिजनों को एक-एक लाख रुपए, गंभीर घायल को 50-50 हजार रुपए और सामान्य घायल को पच्चीस हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।  मुख्यमंत्री रावत के निर्देश पर गम्भीर रूप से घायल दो यात्रियों को हैलीकॉप्टर द्वारा घनशाली से जौलीग्रांट लाया गया है। खबर लिखे जाने तक मृतकों और घायलों के नाम आदि पता नहीं चल सका है। 

Advertising