अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन निजी प्रवास पर मध्यप्रदेश पहुंचीं

Sunday, Mar 11, 2018 - 10:42 PM (IST)

इंदौर: अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्ंिलटन रविवार को तीन दिवसीय निजी प्रवास पर मध्यप्रदेश पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हिलेरी मुम्बई से विशेष विमान के जरिये इंदौर के देवी अहिल्या बाई हवाई अड्डे पहुंचीं। इस दौरान हवाई अड्डे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

उन्होंने बताया कि इंदौर से हिलेरी सड़क मार्ग से सीधे खरगोन जिले के महेश्वर के लिए रवाना हो गईं। नर्मदा के सुरम्य तट पर बसा यह ऐतिहासिक शहर रियासत काल में पूर्व होलकर राजवंश की शासक अहिल्या बाई होलकर की राजधानी रहा है। अधिकारियों ने बताया कि पश्चिमी मध्यप्रदेश के तीन दिवसीय प्रवास के दौरान अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री धार जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल माण्डू का भ्रमण भी कर सकती हैं।

किले के अंदर बसा यह ऐतिहासिक शहर अफगान वास्तुकला से प्रेरित महलों, मस्जिदों और मकबरों के लिए मशहूर है। पुराने जमाने में इसे "शादियाबाद" (सिटी ऑफ जॉय) के रूप में भी पुकारा जाता रहा है। हिलेरी, अमेरिका के वर्ष 2016 के राष्ट्रपति चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार थीं, लेकिन रिपब्लिकन पार्टी के प्रत्याशी डोनाल्ड ट्रंप के हाथों उन्हें चुनावी हार का सामना करना पड़ा था।       


 

Advertising