नियंत्रण रेखा के पास पूर्व पाकिस्तानी फौजी का बेटा गिरफ्तार

Saturday, May 06, 2017 - 06:53 PM (IST)

जम्मू : सेना ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के पास पूर्व पाकिस्तानी सैनिक के बेटे को गिरफ्तार किया है।   रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि नियंत्रण रेखा पर गश्त कर रहे भारतीय सेना के जवानों ने 12 साल के लड़के को गिरफ्तार किया। उसने शुक्रवार को भारतीय सीमा में प्रवेश किया था।

प्रवक्ता के अनुसार गिरफ्तार किया गया लड़का अवकाश प्राप्त पाकिस्तानी सैनिक हुसैन मलिक का पुत्र है और उसका नाम अशफाक अली चौहान है। अशफाक पाकिस्तान के भिम्बर जिले के डंगर पेल गांव का रहने वाला है। सुरक्षाकर्मियों ने उसे नियंत्रण रेखा के पास संदेहास्पद स्थिति में घूमते देखा और आत्मसमर्पण करने को कहा।

प्रवक्ता ने बताया कि इस लड़के का पाकिस्तानी सेना से संबंध होने का संदेह है और उसे घुसपैठ के लिए रास्ता पता लगाने के लिए भेजा गया था। इस मामले की जांच के लिए गिरफ्तार किए गए लड़के को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। 

Advertising