नार्थ-ईस्ट में कांग्रेस लगा बड़ा झटका, नागालैंड के पूर्व मुख्यमंत्री भाजपा में शामिल

Monday, Jan 22, 2018 - 07:46 PM (IST)

दीमापुरः नागालैंड विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी को आज एक बड़ा फायदा हुआ जब राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री केएल चिशी और पूर्व विधायक जैकब झिमोमी समेत 10 से अधिक नेता पार्टी में शामिल हुए।

सूत्रों के मुताबिक, चिशी और पूर्व विधायक झिमोमी पार्टी के वरिष्ठ नेता राम माधव और अन्य नेताओं की उपस्थिति में यहां आयोजित एक सादे समारोह में भाजपा में शामिल हुए। क्षेत्रीय दल एनपीएफ की तुलना में लंबे समय से दूसरे स्थान पर रही भाजपा में चिशी और अन्य नेताओं के शामिल होने से मजबूती आई है।

सूत्रों ने बताया कि झिमोमी घासपानी-1 विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लडऩा चाहते हैं। इनके अलावा भी कई नेताओं के जल्द ही पार्टी में शामिल होने की संभावना है। केएल चिशी ने कांग्रेस में भरोसे का अभाव का आरोप लगाते हुए पार्टी से पिछले सप्ताह इस्तीफा दे दिया था। 

उन्होंने कहा था कि उन्हें भाजपा के नेतृत्व और नागा राजनीतिक समस्याओं को हल करने के प्रति उनकी गंभीरता पर पूरा विश्वास है  पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने लंबे राजनीतिक कैरियर में एतोइजु और दीमापुर-1 विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

राम माधव ने इस मौके पर कहा कि राज्य में 27 फरवरी को होने वाला चुनाव राज्य की राजनीतिक समस्याओं के हल के लिए काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, हम नागालैंड में शांति और समृद्धि लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।  नागालैंड के पूर्व गृह मंत्री वाई पैट्टन भी पिछले सप्ताह भाजपा में शामिल हुए। 
 

Advertising