पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेतली की हालत स्थिर, हालचाल जानने AIIMS पहुंचे वैंकेया नायडू

Saturday, Aug 10, 2019 - 09:02 AM (IST)

नेशनल डेस्क: पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेतली की हालत स्थिर बनी हुई है। उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू शनिवार सुबह जेतली से मुलाकात करने एम्स पहुंचे और डॉक्टरों से उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली। अस्पताल से बाहर निकलने के बाद नायडू ने बताया कि जेटली की हालत स्थिर है, डॉक्टर उन पर लगातार निगरानी बनाए रखे हुए हैं। एम्स आज हेल्थ बुलेटिन भी जारी कर सकता है। 

बता दें कि पूर्व वित्त मंत्री दिल की धड़कन तेज होने और बेचैनी की शिकायत के बाद शुक्रवार को एम्स के आईसीयू में भर्ती कराया गया। एम्स का कहना है कि उनकी हालत ‘हीमोडायनेमिकली स्टेबल' बनी हुई है। उनका आईसीयू में इलाज चल रहा है। विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य की देखभाल कर रही है। 



 ‘हीमोडायनेमिकली स्टेबल' होने का अर्थ है कि मरीज का दिल ठीक तरीके से काम कर रहा है और शरीर में रक्त का संचार सामान्य है। जेटली (66) को शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती कराया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन, केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे उनका हालचाल लेने अस्पताल पहुंचे।



इनके अलावा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, लोकतांत्रिक जनता दल के प्रमुख शरद यादव, भाजपा नेता राज्यवर्धन सिहं राठौड़, सुधांशु त्रिवेदी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद और योग गुरु बाबा रामदेव भी अस्पताल पहुंचे। इसी साल मई में उपचार के लिए जेटली को एम्स में भर्ती कराया गया था। जेतली ने अपने स्वास्थ्य कारणों से 2019 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा था। पिछले वर्ष 14 मई को उनका किडनी प्रतिरोपण हुआ था। अप्रैल 2018 से ही उन्होंने कार्यालय आना बंद कर दिया था और 23 अगस्त, 2018 को वित्त मंत्रालय में लौटे थे। 

vasudha

Advertising