पूर्व BJP विधायक की बेटी का बड़ा आरोप- CJP Protest में मुझे गलत तरह से छूआ, विरोध करने पर मुझे ही...

punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 11:20 AM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से पूर्व विधायक विक्रम सिंह की बेटी यशस्वी राजे सिंह ने दिल्ली के जंतर- मंतर पर हुए  CJP Protest के दौरान अपने साथ छेड़छाड़ और बदसलूकी की बात कही है। उन्होंने सोशल मीडिया पर आपबीती साझा करते हुए आरोप लगाया है कि विरोध करने और आरोपी को थप्पड़ मारने पर वहां मौजूद लोगों ने आरोपी का समर्थन करते हुए उल्टे उन्हें ही डांटना शुरू कर दिया।

भीड़ और अफरा-तफरी का उठाया फायदा

यशस्वी राजे सिंह द्वारा इंस्टाग्राम पर साझा की गई जानकारी के मुताबिक यह घटना 24 जुलाई रात तकरीबन 12.15 बजे की है। उस समय यशस्वी अपनी बहन के साथ मुख्य मंच की ओर बढ़ रही थीं। इस दौरान मेटल डिटेक्टर के पास काफी भीड़ थी और इसी दौरान पास रखा एक बैरिकेट गिर गया, जिससे अफरा- तफरी का माहौल बन गया, लोग एक दूसरे पर गिरने लगे। बिगड़ती हुए स्थिति को देखते हुए दोनों बहनों ने वापिस लौटने का फैसला किया। इसी दौरान पीछे मौजूद एक व्यक्ति ने यशस्वी के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। जवाब में यशस्वी ने उस व्यक्ति को तीन थप्पड़ जड़ दिए।

आयोजकों पर लगाया अनदेखी का आरोप

यशस्वी का आरोप है कि घटना के बाद वहां मौजूद लोगों और वॉलंटियर्स ने उनका साथ देने के बजाय उन्हें ही चुप कराने की कोशिश की। पोस्ट शेयर कर यशस्वी ने कहा कि "जब मैंने गलत हरकत का विरोध करते हुए आरोपी को थप्पड़ मारा, तो वहां मौजूद कुछ लोग आरोपी को रोकने के बजाय मुझे ही डांटने लगे। एक वॉलंटियर ने तो इस गंभीर घटना को यह कहकर टाल दिया कि 'ऐसी गलतियां तो होती रहती हैं।" 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News