TMC में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा, बोले- अब मोदी-शाह को देश नहीं करेगा बर्दाश्त

Saturday, Mar 13, 2021 - 01:22 PM (IST)

नेशनल डेस्क: बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हुए कथित हमले से गरमाई राजनीति में अब नया मोड़ आ गया है। पूर्व भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने  आज तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। पिछले काफी समय से भाजपा से नाराज चल रहे यशवंत सिन्हा ने टीएमसी का झंडा लहराते हुए पार्टी का दामन थाम लिया।

भाजपा पर निकाली भड़ास
टीएमसी में शामिल होने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री ने भाजपा पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि 'प्रजातंत्र की ताकत प्रजातंत्र की संस्थाएं होती हैं। आज लगभग हर संस्था कमजोर हो गई है, उसमें देश की न्यायपालिका भी शामिल है। हमारे देश के लिए ये सबसे बड़ा खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि इसमें कोई शक नहीं है कि तृणमूल कांग्रेस बहुत बड़े बहुमत के साथ सत्ता में वापस आएगी। बंगाल से पूरे देश में एक संदेश जाना चाहिए कि जो कुछ मोदी और शाह दिल्ली से चला रहे हैं, अब देश उसको बर्दाश्त नहीं करेगा

सरकार कुचलने और जीतने में विश्वास करती है
पूर्व भाजपा नेता ने आगे कहा कि अटल जी के समय में बीजेपी सर्वसम्मति पर विश्वास करती थी लेकिन आज की सरकार कुचलने और जीतने में विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि अकादी दल, बीजेडी, शिवसेना पहले ही बीजेपी का साथ छोड़ चुकी है, आज उनके साथ कौन खड़ा है? कहा जा रहा है कि यशवंत सिन्हा राज्यसभा भेजे जा सकते हैं। दिनेश त्रिवेदी ने हाल ही में राज्यसभा पद से इस्तीफा दिया है जिसके बाद से यह सीट यशवंत सिन्हा को दिए जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं।

वाजपेयी सरकार में वित्त मंत्री रहे चुके हैं यशवंत सिन्हा
याद हो कि यशवंत सिन्हा अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में वित्त मंत्री रहे चुके हैं। IAS अधिकारी रह चुके सिन्हा प1998 में पहली बार लोकसभा सांसद बने थे। साल 2014 में मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद से ही वह बीजेपी की आलोचना कर रहे हैं। साल 2014 से 2019 के बीच उनके बेटे जयंत सिन्हा वित्त राज्यमंत्री थे।

 

vasudha

Advertising