विधानसभा चुनाव से पहले ममता बनर्जी को एक और झटका, वन मंत्री राजीव बनर्जी ने अपने पद से दिया इस्तीफा

Friday, Jan 22, 2021 - 02:19 PM (IST)

नेशनल डेस्क:  पश्चिमी बंगाल में  विधानसभा चुनाव से पहले ममता सरकार को एक के बाद एक कई झटके लग रहे हैं। कई विधायक पार्टी का साथ छोड चुके हैं। अब बंगाल के वन मंत्री राजीव बनर्जी ने भी अपने पद से  इस्तीफा दे दिया है। ये मुख्यमंत्री  ममता बनर्जी के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है। 

बनर्जी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिख कर सूचित किया कि वह कैबिनेट मंत्री के पद से इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने इस्तीफा देने का कोई कारण नहीं बताया। उन्होंने पत्र में लिखा df पश्चिम बंगाल के लोगों की सेवा करना बड़े सम्मान की बात है। यह अवसर देने के लिए मैं दिल से आभार व्यक्त करता हूं।'' डोमजूड़ का प्रतिनिधित्व करने वाले बनर्जी पिछले कुछ सप्ताह से सत्तारूढ़ पार्टी के एक धड़े के खिलाफ अपनी आवाज उठा रहे थे। 

बनर्जी ने यह भी कहा कि इस्तीफे की एक प्रति राज्यपाल जगदीप धाखड़ को ‘आवश्यक कार्रवाई' के लिए भेजी गई है। अटकलें हैं कि  राजीव बनर्जी  टीएमसी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में जा सकते हैं। ऐसा भी माना जा रहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 30 और 31 जनवरी को बंगाल दौरे पर आ रहे हैं। उस दौरान वह बीजेपी में शामिल हो सकते हैं।  हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। 

दरअसल  राजीव बनर्जी लंबे समय से ममता बनर्जी से असंतुष्ट थे। पार्टी ने उन्हे मनाने की कई कोशिश भी की लेकिन सब असफल रही। बता दें कि राजीव बनर्जी लगातार मंत्रिमंडल की बैठक में शामिल नहीं हो रहे थे। इससे पहले मंत्री शुभेंदु अधिकारी और खेल राज्य मंत्री लक्षमी रतन शुक्ला ने भी मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। 

vasudha

Advertising