भिखारी समझकर 2 महिलाओं को उठा लाई पुलिस, फिर हुआ चौंकाने वाला खुलासा

Wednesday, Nov 22, 2017 - 10:02 AM (IST)

हैदराबाद: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप के हैदराबाद दौरे को लेकर जोर-शोर से तैयारी चल रही है। इसी के चलते हैदराबाद की सड़कों से भिखारियों को हटाकर उन्हें रिहैबिलिटेशन सेंटर भेजा जा रहा है। इसी मुहीम के तहत हैदराबाद की सड़कों पर भीख मांगते हुए कुछ लोगों को पुलिस उठा लाई। लेकिन उन भिखारियों में दो महिलाएं भी शामिल थी जो फर्राटेदार अंग्रेजी बोल रही थी। जब पुलिस को उनकी सच्चाई पता चली तो अधिकारी हैरान रह गए। दरअसल दोनों महिलाएं करोड़ों की प्रॉपर्टी की मालकिन निकलीं। जेल सुपरिटेंडेंट के. अर्जुन राव के मुताबिक, हैदराबाद के लंगर होज दरगाह में कई भिखारी बैठते हैं। पुलिस अदिकारियों ने 11 नवंबर को 130 से अधिक महिलाओं को भीख मांगते हुए पकड़ा था। जब उनकी बैंकग्राउंड जानने की कोशिश की तो दोनों महिलाओं की अंग्रेजी सुन सब हैरान रह गए।

50 वर्षीय फर्जोना ने बताया कि वह बिजनेस स्टडीज में पोस्ट ग्रेजुएट है और लंदन में बतौर अकाउंटेंट काम कर चुकी है। उसका बेटा अमेरिका में आर्किटेक्ट है। महिला ने दावा किया कि वह कुछ साल पहले ही भारत आई है। पुलिस ने जब महिला के बारे में जानकारी निकाली तो पता लगा कि उसका हैदराबाद के पॉश इलाके आनंदबाग में अपार्टमेंट है। पति की मौत के बाद वह बीते कुछ वर्षों से मानसिक तौर पर बीमार है। एक बाबा के कहने पर वह दरगाह में भीख मांग रही थी। पुलिस ने उसके बेटे से संपर्क किया तो उसने बताया कि वह भारत में ही है और काफी समय से अपनी मां को खोज रहा है।

पुलिस ने एफीडेविट भरवाकर महिला को उसके बेटे को सौंप दिया। वहीं, दूसरी महिला राबिया बसीरा डिफेन्स कॉलोनी की रहने वाली है। उसका दावा है कि वह ग्रीन कार्ड होल्डर है और वह अमरीका में काम कर चुकी है। हैदराबाद में उसकी बड़ी जमीन-जायदाद है। उसके भाइयों ने उसे जमीन से बेदखल कर दिया। वह अपने भाइयों से संपत्ति के लिए लड़ते हुए मानसिक संतुलन खो बैठी। वह यहां मन की शान्ति के लिए भीख मांग रही थी। उसे भी पुलिस ने उसके परिवार वालों को सौंप दिया है।

Advertising