​कोहरे ने रोकी दिल्ली-NCR की रफ्तार, रेल और हवाई यातायात प्रभावित

Monday, Feb 04, 2019 - 11:20 AM (IST)

नेशनल डेस्क: शीतलहर और आसमान में छाए घने कोहरे ने एक बार फिर उत्तर भारत में ठंड बढ़ा दी है। सोमवार सुबह दिल्ली समेत कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिस कारण रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुई। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर कुछ विमानों को उड़ान भरने से रोक दिया गया। 


दिल्ली हवाई अड्डे के सूत्र के अनुसार अभी तक उड़ानें रद्द या उनके मार्ग में परिवर्तन नहीं किया गया है। दिल्ली में विमानों के उड़ान भरने के लिए रनवे पर कम से कम 125 मीटर दृश्यता आवश्यक है।  वहीं कोहरे के चलते उत्तर भारत में 27 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। 


मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान 21 और 9 डिग्री सेल्सियस के करीब बने रहने की संभावना है। दिल्ली के अलावा हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। जिस कारण लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ा। 


गौरतलब है कि राजधानी में रविवार को भी घना कोहरा छाया रहा। साथ ही आसमान में बादल भी छाए रहे। यहां का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने पांच से सात फरवरी के बीच गरज के साथ हल्की बारिश या ओलावृष्टि की संभावना जताई है।
 

vasudha

Advertising