उधमपुर में नशा तस्करों पर पुलिस का कड़ा प्रहार, हेरोइन के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 03:12 PM (IST)

नेशनल डेस्क। जम्मू और कश्मीर के उधमपुर जिले में अलग-अलग मामलों में पांच कथित तस्करों को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ गहन कार्रवाई के साथ-साथ युवाओं को नशीली वस्तुओं के सेवन से बचाने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार पहले मामले में रेहंबल थाने की एक टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर गरनाई चौक पर एक टाटा टियागो कार को रोका जब वह उधमपुर से जम्मू जा रही थी। 

उसने बताया कि तलाशी के दौरान कार से हेरोइन बरामद हुई जिसके चालक अभिषेक गुप्ता और सहयात्री ईशान खजूरिया को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक एक अन्य मामले में जिब क्षेत्र में नियमित गश्त के दौरान धीरज शर्मा को गिरफ्तार किया गया एवं उसके पास से हेरोइन बरामद हुई। पुलिस का कहना है कि इसी तरह रौन डोमेल में बाले ब्रिज के पास राजेंद्र शर्मा को नाकाबंदी टीम से भागने की कोशिश करते समय पकड़ा गया और उसके पास से हेरोइन बरामद की गई। 

पुलिस के अनुसार एक अन्य घटना में मजालता क्षेत्र में बट्टल नाका पर एक ऑल्टो कार को रोककर इरफान अली नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया एवं उसके पास से हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत तस्करों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं और उनकी जांच की जा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News