सामूहिक आत्मघाती कदम: पांच नाबालिग लड़कियों ने खाया जहर, चार की मौत, इलाके में मचा हड़कंप

punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 10:42 PM (IST)

नेशलन डेस्कः बिहार के औरंगाबाद जिले से एक बेहद दुखद और रहस्यमयी घटना सामने आई है। यहां पांच नाबालिग सहेलियों ने कथित तौर पर एक साथ जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसमें से चार लड़कियों की मौत हो गई है, जबकि एक लड़की गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है।

यह घटना दो दिन पहले की बताई जा रही है, लेकिन इसकी जानकारी अब सार्वजनिक हुई है। जैसे ही यह मामला सामने आया, पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। फिलहाल पुलिस और जिला प्रशासन इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहा है।

क्या हुआ था उस दिन?

जानकारी के मुताबिक, यह घटना औरंगाबाद जिले के हसपुरा थाना क्षेत्र के सैदपुर मोती बिगहा गांव की है। यहां की पांच नाबालिग लड़कियां एक साथ जमाल बिगहा जाने वाली सड़क पर बैठी थीं। इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर एक साथ जहरीला पदार्थ खा लिया।

बताया जा रहा है कि जहर खाने के बाद एक लड़की किसी तरह खुद को संभालते हुए अपने घर तक पहुंच गई और परिजनों को पूरी बात बताई। उसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। बाकी चार लड़कियां सड़क के पास स्थित खेत में चली गईं, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

खेत में मिले शव — परिजनों ने बिना सूचना अंतिम संस्कार किया

चारों लड़कियों के शव खेत में मिले। चौंकाने वाली बात यह है कि उनके परिजनों ने पुलिस को कोई सूचना नहीं दी, न ही पोस्टमार्टम कराया और न ही कोई औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने चारों लड़कियों का एक साथ अंतिम संस्कार कर दिया। गांव के लोग भी इस मामले पर पूरी तरह चुप्पी साधे हुए हैं और कुछ भी खुलकर बोलने को तैयार नहीं हैं। इससे पुलिस को जांच में मुश्किलें आ रही हैं।

जिला प्रशासन हुआ सक्रिय

जब यह खबर सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर तेजी से फैलने लगी, तब जिला प्रशासन हरकत में आया। रविवार को दाउदनगर के एसडीपीओ (पुलिस उपाधीक्षक) गांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने गांववालों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी साफ तौर पर यह पुष्टि नहीं की कि पांच लड़कियों ने एक साथ जहर खाया था।

एसडीपीओ ने कहा कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि लड़कियों ने खुद जहर खाया या किसी ने उन्हें दिया। जहर खाने के कारण भी अभी सामने नहीं आए हैं। जो लड़की बची है, उससे बयान मिलने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो पाएगी।

पुलिस की आगे की कार्रवाई

फिलहाल पुलिस गांव के लोगों से पूछताछ कर रही है, घटनास्थल की जांच कर रही है और अस्पताल में भर्ती लड़की से बात करने की तैयारी कर रही है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News