साल का पहला सूर्य ग्रहण आज, भारत के इन हिस्सों में देगा दिखाई...बनेगा रिंग ऑफ फायर

Thursday, Jun 10, 2021 - 08:27 AM (IST)

नेशनल डेस्क: आज साल का पहला सूर्य ग्रहण लगने जा रहा है। यह वलयाकार सूर्य ग्रहण होगा यानि कि रिंग ऑफ फायर (ring of fire) बनेगा। इस साल का यह पहला सूर्य ग्रहण भारत में सिर्फ अरुणाचल प्रदेश और लद्दाख के कुछ हिस्सों में ही सूर्यास्त से कुछ समय पहले दिखाई देगा। बता दें कि रिंग ऑफ फायर खगोलीय घटना तब होती है जब सूर्य, चंद्रमा और पृथ्वी एक सीधी रेखा में आ जाते हैं। अरुणाचल प्रदेश में दिबांग वन्यजीव अभयारण्य के पास से शाम लगभग 5:52 बजे इस खगोलीय घटना को देखा जा सकेगा।

वहीं, लद्दाख के उत्तरी हिस्से में, जहां शाम लगभग 6.15 बजे सूर्यास्त होगा, शाम लगभग 6 बजे सूर्य ग्रहण देखा जा सकेगा। दुरई ने कहा कि उत्तरी अमेरिका, यूरोप और एशिया के बड़े क्षेत्र में सूर्य ग्रहण देखा जा सकेगा।

भारतीय समयानुसार दोपहर 11:42 बजे आंशिक सूर्य ग्रहण होगा और यह दोपहर 3:30 बजे से वलयाकार रूप लेना शुरू करेगा और फिर शाम 4:52 तक आकाश में सूर्य अग्नि वलय (आग की अंगूठी) की तरह दिखाई देगा। दुरई ने कहा कि सूर्यग्रहण भारतीय समयानुसार शाम लगभग 6:41 बजे खत्म होगा। विश्व में कई संगठन सूर्य ग्रहण की घटना के सीधे प्रसारण की व्यवस्था कर रहे हैं।

Seema Sharma

Advertising