''पहले स्वदेशी वैक्सीन का विरोध किया, अब ये आदमी भारत को बदनाम करने में लगा'', भाजपा का राहुल गांधी पर निशाना

Thursday, Dec 22, 2022 - 04:43 PM (IST)

नेशनल डेस्कः भारतीय जनता पार्टी ने राहुल गांधी के बयान पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने एक हरियाणा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ‘भारत जोड़ो यात्रा' को रोकने के लिए ‘बहाने' ढूंढ रही है। सरकार की ओर से कल मुझे चिट्ठी लिखी गई, जिसमें कहा गया, कोविड आ रहा है। भारत जोड़ो यात्रा बंद करो। राहुल गांधी के बयान पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा प्रवक्ता राज्यवर्धन सिंह राठौर ने निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी ने पहले स्वदेशी वैक्सीन का विरोध किया। ये आदमी दुनियाभर में देश को बदनाम करने में लगा है।

क्या बोले राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को कहा कि सरकार ‘भारत जोड़ो यात्रा' को रोकने के लिए ‘बहाने' ढूंढ रही है। राहुल गांधी ने कहा कि अब वे एक नया तरीका लेकर आए हैं। उन्होंने मुझे पत्र लिखा कि कोविड फैल रहा है, यात्रा रोक दो।'' मास्क लगाओ, यात्रा रोको, कोविड फैल रहा है, ये सब बहाने हैं।'' केंद्र और हरियाणा में सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए गांधी ने कहा कि वह सच्चाई से डरती है। उन्होंने कहा, ‘‘हिंदुस्तान की शक्ति से, हिंदुस्तान की सच्चाई से, ये लोग डर गए हैं, ये सच्चाई है।''

भाजपा प्रवक्ता राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा कि राहुल गांधी ने पहले स्वदेशी वैक्सीन का विरोध किया। जब PM मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने कोविड को परास्त कर दिया तो ये आदमी दुनियाभर में देश को बदनाम करने लगा। अब ये कोविड प्रोटोकाल का विरोध कर भारतीयों को संकट में डालना चाह रहा है। भारतीयों से इस व्यक्ति को इतनी दुश्मनी क्यों? भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि एक गैर-जिम्मेदार नेता कैसा दिखता है, इसका जीता-जागता उदाहरण राहुल गांधी हैं। अगर उनका राजनीतिक एजेंडा पूरा हो जाता है तो उन्हें लोगों की जान जोखिम में डालने का कोई मलाल नहीं है। लोग मर सकते हैं लेकिन उसे कोई फर्क नहीं पड़ता...।


बता दें कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने चीन समेत कुछ देशों में कोरोना वायरस के मामलों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखकर उनसे अपील की थी कि यदि कोविड नियमों का पालन नहीं किया जा सकता, तो वह ‘भारत जोड़ो यात्रा' को निलंबित करने पर विचार करें।

 

Yaspal

Advertising