Massive fire in Thane: गत्ता गोदाम में लगी आग गराज तक फैली, आसमान में छाया काले धुएं का गुबार
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 01:41 PM (IST)
Thane Warehouse Fire : महाराष्ट्र के ठाणे शहर से आज सुबह आग लगने की एक बड़ी घटना सामने आई है। यहां के कोलशेत इलाके में स्थित गत्ते (Cardboard) के एक बड़े गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पास में स्थित एक वाहन गराज (Garage) को भी अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।
इस मौके पर क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि कोलशेत क्षेत्र के तरीचा पाडा में गत्ते का भंडारण करने वाली इकाई में सुबह लगभग सात बज कर 40 मिनट पर आग लग गई। तडवी ने बताया कि दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के कर्मी दो दमकल वाहन, एक पिकअप वाहन और पानी के एक टैंकर के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
उन्होंने कहा, आग बुझाने के प्रयास अभी भी जारी हैं। इस घटना में किसी के हताहत होने की फिलहाल सूचना नहीं है। तडवी ने बताया कि बस अड्डे के पास स्थित परिसर में घना धुआं भर गया। अधिकारियों के अनुसार गत्ते की भंडारण इकाई में लगी आग तेजी से पास के गराज में फैल गई। तडवी ने बताया कि आग लगने का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है।
