पश्चिमी दिल्ली में लकड़ी के गोदाम में लगी आग, दमकल की 25 गाड़ियां पहुंचीं

punjabkesari.in Sunday, Aug 30, 2026 - 09:34 AM (IST)

नई दिल्लीः पश्चिमी दिल्ली में राजधानी मेट्रो स्टेशन के पास रविवार तड़के लकड़ी और प्लाईवुड के एक कारखाने में आग लग गई जिसके बाद दिल्ली अग्निशमन सेवा ने आग बुझाने के लिए 25 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि 'असम टिंबर मार्केट' स्थित लकड़ी के गोदाम में आग लगने की सूचना तड़के करीब तीन बजे मिली। अधिकारी ने कहा, ''शुरुआत में नौ दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था, जिसके बाद अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी सेवा में लगाया गया। तड़के करीब 3.24 बजे आग को भीषण घोषित किया गया।''

उन्होंने बताया कि आग पर सुबह करीब साढ़े छह बजे काबू पाया जा सका। अधिकारी के अनुसार, आग एक इमारत के तहखाने में बने लकड़ी के गोदाम में लगी थी। इस इमारत में तहखाना, भूतल/स्टिल्ट और दो मंजिलें हैं तथा यह करीब 2,000 वर्ग गज क्षेत्र में फैली हुई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar