वोट देने के लिए दुबई से दिल्ली पहुंची महिला डॉक्टर, कहा- एक वोट से बदल सकता है देश का भविष्य

punjabkesari.in Wednesday, Feb 05, 2025 - 01:21 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आज सुबह 7 बजे से वोटिंग हो रही है। लोग बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपना वोट डाल रहे हैं। इसी कड़ी में एक महिला डॉक्टर 2200 किलोमीटर सफर कर दुबई से वोट करने के लिए दिल्ली आई। डॉक्टर ने बलदेव पार्क ईस्ट में अपना वोट डाला। खास बात यह रही कि डॉक्टर ने न सिर्फ वोट डालने के लिए दुबई से दिल्ली आने का फैसला किया, बल्कि सबसे पहले मतदान केंद्र पर पहुंचकर वोट डालने वाली पहली वोटर बनीं।

सुबह-सुबह दिल्ली पहुंचकर डाला अपना वोट
निष्ठा भारद्वाज एक निजी न्यूज़ चैनल से बातचीत में बताया कि वह दिल्ली की रहने वाली हैं, लेकिन शादी के बाद एक साल पहले दुबई में शिफ्ट हो गईं। जहां वह स्त्री रोग विशेषज्ञ के रूप में काम करती हैं। निष्ठा बताया कि जब उन्हें अपने पिता से पता चला कि दिल्ली में चुनाव हो रहे हैं, तो उन्होंने अपने कर्तव्यों को समझते हुए दुबई से दिल्ली का टिकट बुक किया और सुबह-सुबह दिल्ली पहुंचकर अपना वोट डाला।

'जो भी उम्मीदवार या पार्टी जीते, वह महिला सुरक्षा पर खास ध्यान दे'
निष्ठा ने बताया कि दुबई पूरी दुनिया में एक सुरक्षित शहर है, जहां रात में महिलाएं बिना किसी डर के घूम सकती हैं। लेकिन, भारत में अभी भी महिला सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा है। निष्ठा ने अपने वोट के जरिए महिला सुरक्षा को प्राथमिकता दी और चाहती हैं कि जो भी उम्मीदवार या पार्टी जीते, वह महिला सुरक्षा पर खास ध्यान दे और महिलाओं के विकास के लिए काम करें। उनका मानना है कि किसी भी देश के विकास में महिलाओं का योगदान महत्वपूर्ण है और इसके लिए महिला सुरक्षा बेहद जरूरी है।

'वोट जरूर डालें, एक वोट देश के विकास में अहम भूमिका निभा सकता है...'
निष्ठा ने लोगों से अपील की कि वे चुनाव में वोट जरूर डालें। उन्होंने कहा कि एक वोट से कोई भी सरकार बन सकती है या हार सकती है। वोट देना हमारे कर्तव्यों में शामिल है और एक वोट देश के विकास में अहम भूमिका निभा सकता है। निष्ठा ने उदाहरण दिया कि वे दुबई से 2200 किलोमीटर की यात्रा कर वोट डालने आई हैं, तो दिल्ली में रहने वाले लोग अपने घर से बाहर क्यों नहीं निकल सकते? निष्ठा का संदेश साफ है: "आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है, वोट डालना हमारा कर्तव्य है।" 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Related News